logo

पश्चिम बंगाल : सालानपुर औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों का प्रदर्शन, कई फैक्ट्रियों में उत्पादन ठप

bangal_worker_strike.jpg

पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के सालानपुर ब्लॉक अंतर्गत देंदुआ-कल्याणेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह से श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया. विभिन्न फैक्ट्रियों के कर्मचारी सुबह से ही कारखानों के मुख्य द्वारों पर एकत्र होकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए. अचानक हुए इस कार्य बहिष्कार के कारण क्षेत्र की कई औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन प्रभावित हो गया.
श्रमिकों का कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले भी इसी औद्योगिक क्षेत्र में बड़े स्तर पर आंदोलन हुआ था. उस दौरान एलोक्वेंट फैक्ट्री के मानव संसाधन (एचआर) विभाग ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया था. आरोप है कि एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. इसी के विरोध में श्रमिकों ने शुक्रवार को काम बंद कर आंदोलन शुरू कर दिया. प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 8 घंटे की निर्धारित ड्यूटी लागू करना, सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन का समय पर भुगतान, महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना, जोखिमपूर्ण कार्यों के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरण देना तथा स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देना शामिल है.
स्थिति को नियंत्रित करने और उत्पादन बहाल कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर श्रमिकों और प्रबंधन के बीच बातचीत कराने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं प्रदर्शनकारी श्रमिकों का कहना है कि वे लंबे समय से शोषण का सामना कर रहे हैं और अब उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई होना जरूरी है. कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द लिखित और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो क्षेत्र की अन्य फैक्ट्रियों के श्रमिक भी आंदोलन में शामिल हो सकते हैं. इससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में उत्पादन और कामकाज पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.

 

Tags - Salanpur labor protest Dendua Kalyaneshwari industrial area West Bengal factory workers protest minimum wage protest India industrial production affected