logo

इस गांव में प्रेमिका से मिलने पर लगी रोक, प्रेमियों के लिए लिखा गया बकायदा साइनबोर्ड? पढ़िए पूरी खबर

इस गांव में प्रेमिका से मिलने पर लगी रोक, प्रेमियों के लिए लिखा गया बकायदा साइनबोर्ड? पढ़िए पूरी खबर

पूर्वी सिंहभूम 
West Singhbhum:
पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी प्रखंड स्थित मेढ़िया गांव में सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए चेतावनी बोर्ड चर्चा का विषय बने हुए हैं। बोर्ड पर लिखा है कि प्रेमिका के साथ समय बिताना सख्त मना है। पकड़े जाने पर सामाजिक स्तर पर कठोर कार्रवाई और जुर्माना लगाया जा सकता है। गांव में नशाखोरी और अड्डेबाजी पर रोक लगाने के लिए ग्राम सभा ने यह कदम उठाया है। शनिवार को ग्राम प्रधान प्रसेनजीत हांसदा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सार्वजनिक स्थलों पर नशा करने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

इन सार्वजनिक स्थलों पर लागू रहेगा प्रतिबंध
ग्राम सभा के फैसले के अनुसार, गांव के पुनडुंगरी, जाहेरगाजाड़, फुटबॉल मैदान, स्कूल मैदान और घाघरा टोला के दाडाग घाट के आसपास नशा करने और अड्डेबाजी करने पर प्रतिबंध रहेगा। इन स्थानों पर प्रेमिका के साथ बैठने या समय बिताने पर भी रोक लगाई गई है। ग्रामीणों और बाहर से आने वाले लोगों को नियमों की जानकारी देने के लिए जाहेरगाढ़ जाने वाले रास्ते समेत गांव के प्रमुख स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। बोर्ड पर स्पष्ट लिखा गया है कि नियमों का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर सामाजिक स्तर पर कठोर कार्रवाई और जुर्माना लगाया जा सकता है।

युवाओं में बढ़ती नशाखोरी पर जताई चिंता
ग्राम सभा की बैठक में वक्ताओं ने युवाओं के बीच बढ़ती नशाखोरी और सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी को लेकर चिंता जताई। उनका कहना था कि ऐसी गतिविधियों का गांव के सामाजिक वातावरण, परंपराओं और युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ग्राम सभा का तर्क है कि सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखने और गांव की सामाजिक-सांस्कृतिक मर्यादा की रक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है।

नियमों का पालन करने की अपील
ग्राम सभा ने ग्रामीणों से तय नियमों का पालन करने और गांव में बेहतर माहौल बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। हालांकि, प्रेमिका के साथ समय बिताने पर रोक से जुड़ा संदेश भी इन चेतावनी बोर्डों के जरिए सामने आया है। अब मेढ़िया गांव में ग्राम सभा के इस फैसले और इसके पालन को लेकर चर्चा हो रही है।

Tags - Jharkhand NewsVillage RulesGram SabhaEast SinghbhumViral News