सरायेकला-खरसावां:
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थानाक्षेत्र के आरआईटी मोड़ के समीप सोमवार सुबह दिनदहाड़े एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला हुआ। आपसी विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर दिया। सरेआम हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गयी। घायल युवक की पहचान 19 वर्षीय रोहित हेम्ब्रम के रूप में हुई है। वह राजनगर थानाक्षेत्र के टांगारानी गांव का रहने वाला है और आदित्यपुर में रहकर काम करता है। फिलहाल गंभीर हालत में उसका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा है।

रोहित और बीजू में बीते 2 साल से दोस्ती थी
जानकारी के अनुसार, रोहित और हमलावर बीजू महतो के बीच पिछले 2 साल से दोस्ती थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। 3 महीने पहले रोहित ने बीजू से पैसे उधार लिए थे और इसके बदले उसका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया था।
इस बात पर दोनों दोस्तों में हुआ था विवाद
सोमवार को बीजू ने रोहित को फोन कर आरआईटी मोड़ के पास बुलाया। उसने कहा कि वह पैसे वापस कर देगा और रोहित उसका मोबाइल लौटा दे। रोहित जब मौके पर पहुंचा तो दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बीजू ने पहले अपना मोबाइल मांगा और कहा कि मोबाइल मिलने के बाद ही वह पैसे देगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गयी।
बताया जा रहा है कि रोहित वहां से अपनी गाड़ी लेकर निकलने लगा, तभी बीजू ने उसपर चापड़ निकालकर हमला कर दिया। रोहित ने बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने दोबारा उस पर जोरदार वार कर दिया। हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
घायल हालत में रोहित ने अपने रूम पार्टनर राजू ठाकुर को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पहले उसे आरआईटी मोड़ स्थित गंगोत्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे टीएमएच रेफर कर दिया। दिनदहाड़े व्यस्त इलाके में हुई इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।