logo

आपकी जिम्मेवारी सरकार ले रही है और इस राज्य के स्वास्थ्य सेवा की जिम्मेदारी आपको दे रही हैः हेमंत सोरेन

doccm.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
आज सीएम हेमंत सोरेन ने रिम्स में 172 चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र बांटा। इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए सभी नवनियुक्त डॉक्टरों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज से आप सरकार के अभिन्न अंग के रूप में राज्य में स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएंगे। राज्य की जनता चाहे वह शहरी हो या ग्रामीण हो। सभी के स्वास्थ्य की रक्षा करने की एक जिम्मेदारी आपके कंधों पर दी गई है। झारखंड के स्वास्थ्य के संदर्भ में बहुत कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि आप खुद स्वास्थ्य सेवा से जुड़े हुए लोग हैं। आपने एक लंबी पढ़ाई की है और आपको अपने कर्तव्य को निर्वहन कैसे करना है यह बखूबी जानते हैं। आपके सामने हर दिन हर पल कई चुनौतियां आ सकती हैं और इन चुनौतियों का आप कैसे सामना करेंगे यह आप पर निर्भर करेगा। आज से सरकार आपकी जिम्मेवारी ले रही है और इस राज्य के लोगों के स्वास्थ्य का जिम्मा आपके कंधे पर दे रही है। 

बहुत जल्द होगी टेक्नीशियन की नियुक्ति 

आगे सीएम ने कहा कि आज रिम्स परिसर में भी दुनिया के बेहतर और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी वाले मशीनों का उद्घाटन किया गया ताकि यहां पर हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकारी, गैर सरकारी, समाजसेवी लोग भी काम कर रहे हैं। कई बड़ी संस्थाएं देश में कई बड़ी-बड़ी सामाजिक संस्थाएं भी स्वास्थ सेवा में काम कर रही है। लेकिन अपने राज्य की बात करें तो 80% लोग ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। वह कहीं ना कहीं आज  भी सरकारी व्यवस्था पर विश्वास रखते हैं और सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था में अपना स्वास्थ्य लाभ लेने पहुंचते हैं। यकीनन आज के दिन में पैसे से हर सुविधाएं खरीदी जा सकती है लेकिन सरकार सिर्फ बाजार नहीं है। सरकार संवेदनशीलता भी निभाती है। एक मानवता की भूमिका में भी रहना पड़ता है। कल्याणकारी सोच के साथ और सभी को समान नजरों से देखने का संकल्प भी लेती है और चलती है और इसी दिशा में आज हम लोगों ने रिम्स परिसर में भी अलग-अलग विभागों में नई तकनीक नई टेक्नोलॉजी की मशीनें लगवाई और जहां ग्रामीण क्षेत्र हैं सुदूरवर्ती क्षेत्र हैं उन जगहों पर यह मशीन नहीं लगाई जा सकती है। वहां के स्वास्थ्य समस्या की जिम्मेवारी आपके जिम्मा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमें कई कड़ियां जोड़ना बाकी है। अभी तो यह शुरुआत है। इससे पहले भी आयुष चिकित्सकों की नियुक्ति हमने की है। आज भी बड़ी संख्या में आप लोगों की नियुक्ति हुई है। कई और स्वास्थ्य से जुड़े टेक्नीशियन हो या नर्सेज हो इन सब की भी नियुक्ति होनी है। इसकी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। बहुत जल्द उनकी भी नियुक्ति होगी।

 

एक आम नागरिक की भूमिका भी निभानी है आपको 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आमतौर पर लोग डॉक्टर को भगवान मानते हैं। लोगों की सोच एक डॉक्टर के प्रति जैसी होती है आशा करता हूं कि आप वैसे ही काम करेंगे। इसलिए हमने पहले ही कहा आज से आपकी जिम्मेवारी सरकार ले रही है और इस राज्य के स्वास्थ्य सेवा की जिम्मेदारी आपके कंधे दे रही है। आपकी हर जरूरत सरकार पूरी करेगी और हमारे जो लोग हैं उनके स्वास्थ्य की जो समस्या है। स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने में आपकी भूमिका होगी। जहां भी जाए चाहे कितने भी दुर्गम स्थान क्यों ना हो अगर आप ने संकल्प लिया तो निश्चित रूप से उस स्थल में भी हम लोग एक बेहतर स्वास्थ्य सेवा खड़ा करने में सफल हो सकेंगे। बस पहल करने की आवश्यकता है। आप स्वास्थ सेवा में जरूर डिग्री लेकर आए हैं लेकिन आम नागरिक की भूमिका एक बनती है। उस नजरिए से भी आपको अपने क्षेत्र को देखना है। वहां के लोगों को समझना है और अपने कार्य को करना है। इसके साथ ही उन्होंने नवनियुक्त डॉक्टरों को शुभकामनाएं दी।