logo

रामगढ़ में थाना प्रभारी ने कांग्रेस कार्यकर्ता को पीटा, विधायक ममता देवी ने दिया धरना  

MAMTA_DEVI2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
रामगढ़ जिले के बरलंगा थाना प्रभारी विकास आर्यन और सहायक अवर निरीक्षक मंगल उरांव पर कांग्रेस कार्यकर्ता जितेंद्र महतो की पिटाई का आरोप लगा है। शुक्रवार रात जितेंद्र को थाना लाकर बेरहमी से पीटा गया, जिसके बाद उन्होंने इसकी लिखित शिकायत विधायक ममता देवी से की।  

मिली जानकारी के अनुसार घटना बरलंगा थाना क्षेत्र के सोनडीमरा गांव की है। वार्ड सदस्य रूपा देवी के पति विनोद कुमार सिन्हा प्रधानमंत्री आवास योजना का जियो टैगिंग का काम कर रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ता जितेंद्र महतो ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि यह काम जनप्रतिनिधियों को करना चाहिए। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और पुलिस ने जितेंद्र को जबरन घर से उठाकर थाने ले गई और पीटा। उन्होंने आरोप लगाया कि थाने में लाठी-डंडों से इतना मारा गया कि वह बेहोश हो गए। होश आने पर फिर से पिटाई की गई और पानी तक नहीं दिया गया।  

घटना की सूचना मिलते ही विधायक ममता देवी बरलंगा थाना पहुंचीं और 2 घंटे तक वहीं बैठकर विरोध जताया। उन्होंने एसपी और एसडीपीओ से फोन पर बात कर थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद विधायक रात 9 बजे थाना से निकलीं। उन्होंने थाना प्रभारी को फटकार लगाते हुए कहा कि आप जैसे अधिकारी युवाओं को बंदूक उठाने पर मजबूर करते हैं। विधायक ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वह फिर से धरना देंगी।  
बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि के इशारे पर यह कार्रवाई की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले की जानकारी झारखंड कांग्रेस प्रभारी राजू को भी दी। फिलहाल पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है और एसपी ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।

Tags - Jharkhand News Ramgarh News Ramgarh Hindi News Ramgarh Latest News Congress workers MLA Mamta Devi