logo

पाकुड़ में युवक का शव फंदे से लटका मिला, हत्या का आरोप; पुलिस कर रही जांच

पाकुड़ में युवक का शव फंदे से लटका मिला, हत्या का आरोप; पुलिस कर रही जांच

पाकुड़:
Pakur News: पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल पंचायत (Shaharkol Panchayat) अंतर्गत कोयला मोड़ में एक युवक का शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला है। मृतक की पहचान प्रीतम कुमार शाह (Pritam Kumar Shah) (उम्र लगभग 26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं से कर रही है।

पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी, पाकुड़ भेजा गया। रविवार को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के पिता सुभाष चंद्र शाह ने अपनी पुत्रवधू और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है।

तीन साल पहले हुई थी शादी, 11 माह की है बेटी
मृतक के पिता ने बताया कि प्रीतम की शादी तीन साल पहले हुई थी और उसकी 11 माह की एक बेटी भी है। दो-तीन दिन पहले प्रीतम की पत्नी कोयला मोड़ के ही एक युवक के साथ भाग गई थी। इसके बाद प्रीतम ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस उसकी पत्नी को पश्चिम बंगाल से वापस लाई थी।

पत्नी को साथ रखने से किया था मना
पिता के अनुसार, पत्नी को वापस लाने के बाद प्रीतम ने उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया था। इसके बाद पत्नी और उसके घरवालों ने महिला थाना में केस करने की धमकी दी थी। महिला थाना में समझौता कराने के बाद पत्नी को घर भेज दिया गया था। शुक्रवार को वह अपने मायके चली गई थी। पिता का आरोप है कि उनकी पुत्रवधू और उसके परिजनों ने मिलकर उनके पुत्र की हत्या की है।

हिरणपुर के मुर्गाडंगा गांव के रहने वाले थे प्रीतम
प्रीतम मूल रूप से हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्गाडंगा गांव के रहने वाले थे। कुछ वर्ष पहले ही उन्होंने कोयला मोड़ में नया घर बनवाया था। वह मेडिकल लाइन में काम करते थे।

मेडिकल बोर्ड की निगरानी में होगा पोस्टमार्टम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव के पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल प्रभारी डीएस डॉक्टर अमित कुमार के नेतृत्व में एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। मेडिकल टीम द्वारा वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रविवार दोपहर तक शव का पोस्टमार्टम शुरू नहीं किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags - Pakur NewsPritam Kumar ShahJharkhand CrimePakur Murder CaseYouth Found Hanging