पाकुड़:
पाकुड़ मुफस्सिल थानाक्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव में शुक्रवार को पति ने घरेलू विवाद में पत्नी की धारदार हसुआ से काटकर और पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान 26 वर्षीय सोनाभान बीबी के रूप में हुई है। आरोपी ने बीच-बचाव करने आए अपने वृद्ध पिता मनारूल शेख पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति समीर शेख उर्फ एनामुल शेख उर्फ गामा मौके से फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

नमाज के समय सूनेपन का उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गांव के अधिकांश लोग जुम्मे की नमाज अदा करने मस्जिद गए हुए थे, जिससे आसपास सन्नाटा था। इसी बीच आरोपी समीर शेख का अपने पिता मनारूल शेख के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि समीर अपने पिता के साथ मारपीट करने लगा। ससुर को पिटता देख पत्नी सोनाभान बीबी बीच-बचाव करने पहुंची।
पत्नी को बीच में आता देख समीर शेख का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने तैश में आकर पहले पत्थर से हमला कर पत्नी का सिर फोड़ दिया। इसके बाद भी जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने घर में रखे धारदार हसुआ से उसके शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण सोनाभान बीबी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ससुराल पक्ष पर लगे कई गंभीर आरोप
घटना की भनक लगते ही मृतका के मायके वाले और परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। वे शव को अपने साथ हिरणपुर थाना क्षेत्र के उपरबांधा ले गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी पति पूर्व में भी सोनाभान बीबी के साथ अक्सर मारपीट और प्रताड़ित किया करता था।
पुलिस ने हथियार किया जब्त, छापेमारी जारी
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश में जुट गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए खून से सने हसुआ को जब्त कर लिया है। शाम ढल जाने के कारण शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका, जिसे शनिवार सुबह भेजा जाएगा।
मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी समीर शेख अपने पिता के साथ मारपीट कर रहा था। बीच-बचाव करने आई पत्नी पर उसने हसुआ और पत्थर से हमला कर दिया, जिससे इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हसुआ बरामद कर लिया गया है। आरोपी के संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं, जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।