logo

दुमका : एक तरफा प्यार में सनकी प्रेमी ने लड़की को पैट्रोल से जलाया, हालत गंभीर

एक तरफा प्यार में सनकी प्रेमी ने लड़की को पैट्रोल से जलाया, हालत गंभीर

दुमकाः 

नगर थाना क्षेत्र के जरुआडीह मोहल्ले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। यहां एक सनकी प्रेमी ने एक तरफा प्यार में एक युवती को जिंदा जलाने की कोशिश की है। युवक ने युवती पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी। युवती की हालत काफी गंभीर है। उसे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी पर कार्यपालक दंडाधिकारी चन्द्रजीत सिंह और एसडीपीओ नुर मुस्तफा ने हॉस्पिटल पहुंचे हैं। वह मामले की जानकारी ले रहे हैं।  


आज सुबह की है घटना 
पीड़िता अंकिता के परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह अंकिता घर में सोई हुई थी। तभी आरोपी शाहरूख उसके घर पहुंचा और खिड़की से उस पर पेट्रोल फेंक दिया और जब तक वह कुछ समझ पाती माचिस जला कर उसके ऊपर फेंक दिया। दुमका एसडीपीओ नूर मुस्तफा ने बताया कि मामला एकतरफा प्यार का है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 


परेशान कर रहा था लड़की को 
पीड़िता दुमका में व्यवसायी संजीव सिंह की बेटी अंकिता है। उसे  पड़ोस में ही रहने वाला शाहरूख काफी समय से परेशान कर रहा था। अंकिता ने घरवलों को भी बताया था। शाहरूख अंकिता पर दोस्ती  का दबाव डाल रहा था। अंकिता ने उसकी बात नहीं मानी तो लड़के ने अंकिता को धमकाया भी कि अगर मेरा कहा नहीं मानोगी तो मैं तुम्हें मार डालूंगा।