जामताड़ा:
Jharkhand News: मिहिजाम थानाक्षेत्र (Mihizam Police Station) के कानगोई स्थित राजहंस फैक्ट्री के पीछे बस्ती में गुरुवार की शाम हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों द्वारा एक परिवार के घर में घुसकर जमकर तांडव मचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार के अनुसार, करीब 12 नकाबपोश बदमाश पिस्टल और चाकू लेकर घर में घुसे थे, जबकि 8-9 अन्य लोग घर के बाहर मौजूद थे। हमलावरों ने घर में मौजूद महिलाओं और परिवार के सदस्यों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
इस दौरान शिवा पासी पर चाकू से हमला कर उनकी बांह काट दी गई, जबकि उनके छोटे भाई केशव पासी को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जांच के लिए पहुंचे एसडीपीओ व थाना प्रभारी
शुक्रवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए जामताड़ा SDPO वसीम रजा और मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ घटनास्थल और पीड़ित परिवार से जानकारी जुटाने पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने हिल रोड स्थित पीड़ित शिवा पासी, उनके छोटे भाई केशव पासी और पत्नी रिया पासी से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने हमलावरों की संख्या, हथियारों, धमकी और घर में हुई पूरी वारदात के संबंध में पुलिस को विस्तार से बताया।

पीड़ित परिवार ने पूरा घटनाक्रम समझाया
पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5 बजे इलाके में पहली बार सुतली बम से धमाका किया गया। इसके बाद शाम करीब 7 बजे लगभग 12 नकाबपोश हथियारबंद लोग घर में घुस आए। उनके हाथों में पिस्टल और चाकू थे। वहीं, करीब 8-9 अन्य लोग घर के बाहर मौजूद थे। आरोप है कि घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया। घर में मौजूद बहन, सास और मां सहित अन्य लोगों को पिस्टल की नोक पर बंधक बना लिया गया। किसी को शोर मचाने या विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
परिवार के मुताबिक, हमलावरों ने घर में काफी देर तक उत्पात मचाया। रात करीब नौ बजे वे सुतली बम फोड़ते हुए वहां से वापस चले गए।

पीड़ित परिवार से सोने-चांदी के जेवरों की मांग
इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू हमलावरों द्वारा कथित तौर पर की गई सोने-चांदी के जेवरों की मांग है। पीड़ित परिवार के अनुसार, हमलावर बार-बार गहने और जेवर निकालने का दबाव बना रहे थे। वे कथित तौर पर कह रहे थे कि कोलकाता के लालबाजार इलाके में लूटे गए सोने के गहने निकालो। परिवार ने पुलिस को बताया कि वे लोग मधु बेचकर अपना जीवनयापन करते हैं। उनका कोलकाता में किसी सोने की लूट की घटना से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद हमलावर लगातार जेवरों की मांग कर रहे थे और परिवार को भयभीत कर रहे थे।
कई गंभीर सवाल, पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
इस पूरी घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर हमलावरों को इस परिवार से सोने के गहनों की मांग क्यों थी? कोलकाता के लालबाजार में कथित लूट का जिक्र करने के पीछे क्या वजह थी? क्या यह किसी पुरानी रंजिश का परिणाम है या इसके पीछे कोई संगठित आपराधिक गिरोह सक्रिय है? फिलहाल जामताड़ा एसडीपीओ वसीम रजा और मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान, घटना के पीछे की वजह और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों सहित सभी पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण होगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कानगोई की इस बस्ती में हथियारों से लैस इतने लोग एक परिवार के घर में घुसकर घंटों उत्पात मचाते रहे, लेकिन उनके पीछे कौन था और इस पूरी वारदात की असली वजह क्या है?