जामताड़ा:
Jharkhand News: सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी (Dr. Irfan Ansari) को जामताड़ा (Jamtara) में बीती रात ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। दरअसल, लोगों का आरोप था कि जिले में लगातार हादसे हो रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस चालक काफी लेट-लतीफी करते हैं। दरअसल, गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग (Gobindpur-Sahibganj NH) पर पबिया के केंदुआडीह के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर 24 साल के आकाश सोरेन की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रात को करीब साढ़े 8 बजे सड़क जाम कर दिया। वे मुआवजे और सुरक्षा की मांग कर रहे थे। करीब 4 घंटे तक हाईवे जमा रहा। दोनों ओर करीब 5 किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मंत्री इरफान अंसारी को तीखा विरोध झेलना पड़ा
घटना की सूचना मिलने पर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पहुंचे तो उन्हें नाराज ग्रामीणों का आक्रोश झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि घटना के 2 घंटे बाद भी एंबुलेस नहीं पहुंची। लोगों ने शिकायत की, कि पुलिस आम वाहनों की सुध नहीं लेती और केवल बालू लदे वाहनों पर कार्रवाई करने में व्यस्त रहती है। ग्रामीणों के तीखे विरोध की वजह से मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को वहां से बेरंग लौटना पड़ा। बाद में पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने और तत्काल आर्थिक मदद मिलने के बाद जाम खुला।
जामताड़ा में नहीं थम रहा हादसों का सिलसिला
जामताड़ा जिले में सड़क हादसों का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। उसी रात जामताड़ा थाना क्षेत्र के पोसोई मोड़ के पास ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की टक्कर में नारायणपुर थाना क्षेत्र के खरगोकुड़ी निवासी गांधी मासी कॉल रजक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सोमवार दोपहर फतेहपुर थानाक्षेत्र के डुमरिया के पास हुई दुर्घटना में कठबरारी कर्माटांड़ स्थित मध्य विद्यालय के पारा शिक्षक चेतलाल मंडल की मौत हो गई। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं और लचर स्वास्थ्य सेवाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।