नारायणपुर/जामताड़ा:
झारखंड में अपनी मांगे मनवाने या अनोखे विरोध प्रदर्शनों के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ना जैसे एक नया ट्रेंड बनता जा रहा है। कभी प्रेमी-प्रेमिका का हाई-वोल्टेज ड्रामा तो कभी तरह-तरह की मांगों को लेकर टावर पर चढ़ने की खबरें सामने आती रहती हैं। अब ऐसा ही एक अजीबो-गरीब मामला जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां शराब के नशे में धुत एक युवक अचानक BSNL के ऊंचे टावर पर जा चढ़ा।

नारायणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत स्थानीय बाजार की घटना
घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित बाजार की है। रविवार देर रात करीब 11 बजे जब लोग सोने की तैयारी में थे तभी बाजार निवासी बिहार तूरी नाम का युवक अचानक BSNL टावर पर चढ़ गया। रात के अंधेरे में युवक को टावर की ऊंचाई पर देखकर नीचे मौजूद स्थानीय लोगों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना नारायणपुर थाना पुलिस को दी।

शराब और चिकन पार्टी के वादे पर टावर से उतरा शराबी
सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। टावर पर चढ़ा युवक अत्यधिक शराब के नशे में था जिससे उसके गिरने और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक लाउडस्पीकर और आवाज लगाकर युवक को नीचे आने के लिए समझाया लेकिन वह उतरने को तैयार नहीं था। युवक की स्थिति और जिद को देखते हुए उसे नीचे उतारने के लिए एक अनोखा पैंतरा आजमाया गया। स्थानीय लोगों ने उसे नीचे आने पर 'दारू और मुर्गा' खिलाने का वादा किया। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार युवक को नीचे उतार लिया गया।

युवक के नीचे उतरने पर लोगों ने ली राहत की सांस
युवक के सुरक्षित नीचे आते ही पुलिस प्रशासन और मौके पर मौजूद सैकड़ों लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में युवक को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और एक बड़ी अनहोनी टल गई। टावर से सुरक्षित उतारने के बाद पुलिस ने बिहार तूरी को अपने कब्जे में ले लिया और थाने ले जाकर उससे पूछताछ की जा रही है। समय रहते पुलिस की तत्परता, धैर्य और सूझबूझ के कारण स्थानीय लोगों ने प्रशासन की जमकर सराहना की। नीचे उतरने के बाद युवक ने जब टावर पर चढ़ने का कारण बताया तो लोग हैरान रह गये। युवक ने कहा कि शराब पीने के बाद उसका मोबाइल चढ़ने का मन किया। चूंकि टावर गांव में ही, इसलिए वह चढ़ गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक शराब और चिकन के वादे पर टावर से उतरा, हालांकि, पुलिस ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।