द फॉलोअप, जमशेदपुर:
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में रविवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इस दौरान डीजे वाहन में तोड़फोड़ की गयी, जबकि पूजा समिति के एक सदस्य पर चापड़ से हमला कर दिया गया। घटना में तीन युवक घायल हुए हैं। इनमें एक की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार, काशीडीह लाइन नंबर-13 स्थित गणेश पूजा समिति की ओर से रविवार देर रात गाजे-बाजे के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया था। जुलूस में शामिल युवक डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान लाइन नंबर-13 के युवकों का लाइन नंबर-1 के कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गयी। इस दौरान एक युवक घायल हो गया।
.jpeg)
युवक लाठी-डंडे और हथियार लेकर आये
बताया जाता है कि शुरुआती विवाद के बाद एक युवक वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह लाइन नंबर-1 से 10 से 15 युवकों को लेकर वापस पहुंचा। आरोप है कि युवक लाठी-डंडे और हथियार लेकर आये थे। इसके बाद विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों के साथ मारपीट शुरू हो गयी। दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ और जुलूस में शामिल डीजे वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसी दौरान पूजा समिति के एक सदस्य पर चापड़ से हमला किया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान एक युवक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया। टीएमएच में उसकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। अन्य घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मारपीट और उपद्रव कर रहे युवकों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। क्षतिग्रस्त डीजे वाहन को पुलिस ने जब्त कर थाने ले गयी। सूचना मिलने के बाद सिटी डीएसपी संजीव कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घटना के बाद एहतियात के तौर पर काशीडीह के संवेदनशील इलाकों में क्यूआरटी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी। पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च भी किया। सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी।