द फॉलोअप डेस्कः
गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना घटी है। यहां एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक महिला की पहचान 55 वर्षीय अंजनी देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम 60 वर्षीय राम कुमार उरांव है। घटना शुक्रवार को हुई जब दोनों पति-पत्नी नागो टोली में शराब पीने गए थे। वहां किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया, जिसके बाद राम कुमार ने अपनी पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों का शराब पीना और विवाद करना रोज की बात थी। गंभीर रूप से घायल अंजनी देवी को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पालकोट में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना प्रभारी राहुल कुमार दसौंधी मौके पर पहुंचे और आरोपी पति राम कुमार उरांव को गिरफ्तार कर लिया।
