logo

गिरिडीह में बीच बाजार महिलाओं ने युवक को चप्पलों से पीटा, छेड़खानी का लगा आरोप

gawa_chedkhani.jpg

गिरिडीह
गिरिडीह के गावां हाट बाजार में महिलाओं ने एक युवक को चप्पल से पीटा. दरअसल, युवक पर बाजार में मौजूद एक महिला के साथ कथित छेड़खानी और बदसलूकी का आरोप है. आरोप है कि महिला से युवक ने अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद वहां मौजूद महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी. घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाट बाजार में खरीदारी के दौरान युवक ने महिला के साथ गलत व्यवहार किया. महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आसपास मौजूद अन्य महिलाएं भी आक्रोशित हो गईं और युवक को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी. इस दौरान कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिसके बाद युवक को वहां से सुरक्षित निकाला गया.
घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में महिलाएं युवक को चप्पल से मारती हुई दिखाई दे रही हैं, जबकि आसपास खड़े लोग मामले को शांत कराने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. इधर, इस मामले को लेकर गांवा थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि युवक की पिटाई की सूचना मिली है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जानकारी मिली है. हालांकि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से युवक को वहां से बचा लिया गया था. थाना प्रभारी ने कहा कि यदि किसी पक्ष की ओर से आवेदन मिलता है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

 

Tags - Giridih Gaawa Hat Bazaar incident woman harassment accused beaten viral video public punishment harassment case Jharkhand viral video women beat man slippers Giridih news latest incident