चिनिया/गढ़वा:
झारखंड के गढ़वा में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला, देवर के साथ जंगल में संबंध बना रही थी, तभी पति ने देख लिया। मृतक का शव चिनिया थानाक्षेत्र के पाल्हे गांव के पास पत्थरपनिया के जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान गोला कोरवा के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या समझ रही थी, लेकिन मृतक की मां ने हत्या का शक जताते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहकीकात की तो मामला हत्या का निकला। पुलिस ने गोला कोरवा की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी सकलपतिया देवी और भाई नारायण कोरवा को गिरफ्तार किया है।

11 जुलाई को पाल्हे गांव में मिला था शव
वारदात की जानकारी देते हुए डीएसपी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि 11 जुलाई को पाल्हे गांव के पास पत्थरपनिया के जंगल में गोला कोरवा का शव गमछे के सहारे पेड़ से लटका मिला था। पुलिस को पहले लगा कि युवक ने आत्महत्या की है, लेकिन मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने तहकीकात के क्रम में सबसे पहले मृतक गोला कोरवा के छोटे भाई नारायण कोरवा को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। नारायण कोरवा ने पुलिस को बताया कि उसका भाभी सकलपतिया देवी के साथ नाजायज संबंध था।
वारदात वाले दिन वह भाभी के साथ जंगल में शारीरिक संबंध बना रहा था कि तभी भाई गोला कोरवा ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में देख लिया। पूरे परिवार के सामने भेद खुल जाने के डर से देवर और भाभी ने गोला कोरवा की हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को गमछे के सहारे पेड़ से लटका दिया।

महिला को देवर संग पुलिस ने भेजा जेल
नारायण कोरवा के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने मृतक गोला कोरवा की पत्नी सकलपतिया देवी को भी गिरफ्तार कर लिया। सकलपतिया ने भी गोला कोरवा हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। डीएसपी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाते हुए महज 48 घंटे में इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है।