logo

गढ़वा में DC पशुपति नाथ मिश्रा ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश

गढ़वा में DC पशुपति नाथ मिश्रा ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश

गढ़वा 
Garhwa News:
झारखंड के गढ़वा में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। वहीं, आम लोगों से भी छठ घाटों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की।

छठ घाटों की तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा
तस्वीरें गढ़वा शहर के दानरो नदी स्थित विभिन्न छठ घाटों की हैं, जहां लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शनिवार को उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने स्टूडेंट्स क्लब, फ्रेंड्स क्लब, जय देवी संघ, टी. ग्रुप, सूर्या क्लब, दीपूवां, सहिजना और कल्याणपुर सहित कई छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सभी घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई जल्द पूरी कराने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, साज-सज्जा और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
डीसी ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। नदी और तालाबों में डूबने जैसी अनहोनी से बचाव के लिए गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को दिया। उपायुक्त ने जिले के सभी अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में छठ घाटों का निरीक्षण कर सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

नगर परिषद की ओर से सफाई और सुविधाओं की तैयारी
नगर परिषद की ओर से भी छठ घाटों पर साफ-सफाई, कचरा उठाव और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। नगर परिषद अध्यक्ष ने बताया कि सभी छठ पूजा समितियों और क्लबों को सफाई कार्य में सहयोग देने के लिए मशीनरी और मानव संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि घाटों की सफाई समय पर पूरी हो सके।


 

Tags - Garhwa NewsChhath Puja 2026DC Pashupati Nath MishraDanro River Chhath GhatJharkhand News