logo

गढ़वा में CRPF जवान ओमप्रकाश गुप्ता को सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

गढ़वा में CRPF जवान ओमप्रकाश गुप्ता को सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

गढ़वा:

झारखंड के गढ़वा जिले के भवनाथपुर में सड़क दुर्घटना में घायल केंद्रीय रिजर्व सुरक्षा बल (CRPF) जवान ओमप्रकाश गुप्ता जिंदगी की जंग हार गए। शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास भवनाथपुर पहुंचते ही पूरा इलाका गमगीन हो गया। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। CRPF जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ राजदहवा नदी स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

लोगों ने नम आंखों से वीर जमान को श्रद्धांजलि दी
भवनाथपुर के कर्पूरी चौक पर जैसे ही सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता का पार्थिव शरीर पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग पहुंचे। इस दौरान वीर ओमप्रकाश अमर रहें और जब तक सूरज-चांद रहेगा, ओमप्रकाश गुप्ता तेरा नाम रहेगा जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग नम आंखों से अपने वीर जवान को श्रद्धांजलि दे रहे थे।

एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया था
दरअसल, बीते 9 नवंबर को भवनाथपुर-श्रीबंशीधर नगर मुख्य मार्ग पर छहमइलवा स्थित विद्युत सबस्टेशन के समीप 2 बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया था, जहां बुधवार की रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को 172 बटालियन CRPF गढ़वा के डिप्टी कमांडेंट अजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर वीर जवान को अंतिम सलामी दी। 

पूर्व विधायक समेत कई लोगों ने शिरकत की
इस मौके पर पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही, झामुमो केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य ताहिर अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद भवनाथपुर के राजदहवा नदी स्थित श्मशान घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान को मुखाग्नि उनके पिता विश्वनाथ प्रसाद शाह ने दी।

Tags - Jharkhand NewsCRPF Jawan Funeral RitesCRPF Jawan Omprakash Gupta DiedGarhwa News