नगर उंटारी/गढ़वा:
साली की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने से मना करने पर शख्स ने अपने दोस्त को गोली मार दी। मामला झारखंड के गढ़वा जिला के नगर उंटारी थानाक्षेत्र का है। वारदात एक बारात के दौरान हुई। एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि बीते 27 मई को गढ़वा जिले के कुशमाही गांव से उसकाकलां गांव के पास नवाडीह में बारात आई थी। जंगीपुर स्थित विनोद साव की दुकान के पास गोविंद उरांव को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

साली की वायरल तस्वीर पर हुई थी रंजिश
एसपी के निर्देश पर टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गुर्दी निवासी 26 वर्षीय सकेंद्र उरांव को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद सकेंद्र ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। जांच में सामने आया कि आरोपी सकेंद्र ने अपनी साली की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल की थी, जिसका विरोध गोविंद उरांव ने किया था। उसने सकेंद्र को ऐसा करने से मना किया।
बताया जाता है कि इसी बात को लेकर दोनों में विवाद बढ़ गया। बदले की भावना से बारात के दौरान आरोपी सकेंद्र उरांव ने गोविंद उरांव को गोली मार दी। पुलिस का कहना है कि वारदात में एक और आदमी शामिल है और उसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस, उस व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

वारदात में शामिल अन्य शख्स की तलाश
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर देसी कट्टा और खाली खोखा बरामद किया है। घायल, गोविंद उरांव का उपचार किया जा रहा है। पुलिस, एक अन्य आरोपी की तलाश में जुटी है और दावा किया है कि बहुत जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।