चतरा:
झारखंड के चतरा में एसपी आवास के बाहर फायरिंग और हत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। निजी बॉडीगार्ड की हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका साथी ही था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरी वारदात के पीछे आपसी रंजिश थी। पुलिस ने आरोपी गार्ड को गिरफ्तार किया है, जबकि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने जानकारी दी है आरोपी ने 2 राउंड फायरिंग की थी। पहली गोली कार की छत पर जा लगी, जबकि दूसरी गोली ने मृतक की आंख को भेद दिया। वारदात में घटनास्थल पर ही गार्ड की मौत हो हो गई। दिनदहाड़े हत्या की इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप है।
मृतक की पहचान बिहार के बक्सर निवासी अतुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बलवीर सिंह को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों बिहार के बेलागंज की विधायक मनोरमा यादव के बेटे ठेकेदार विनीत यादव उर्फ रॉकी के निजी अंगरक्षक थे।

संवेदक रॉकी यादव के निजी अंगरक्षक थे
छानबीन में पता चला है कि आरोपी और मृतक चतरा बाईपास निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार विनीत उर्फ रॉकी यादव के निजी अंगरक्षक थे। किसी काम से ठेकेदार रॉकी यादव एसपी आवास पहुंचे थे। इसी दौरान बाहर दोनों बॉडीगार्ड किसी बात पर भिड़ गए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद जल्द ही खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इसी विवाद के बीच एक ने दूसरे बॉडीगार्ड पर गोली चला दी। बताया जाता है कि गोली मारने के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन एसपी आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। प्रारंभिक तौर पर बिहार पुलिस के एक जवान की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही थी, लेकिन, अब पता चला है कि साथी बॉडीगार्ड ने ही गोली चलाई थी।

पुलिस फॉरेंसिक टीम की भी सहायता ले रही
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मामले में हथियार, घटनास्थल और अन्य परिस्थितियों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।