बोकारो:
Jharkhand News: सरायकेला-खरसावां जिले (Saraikela Kharsawan District) के गम्हरिया थाना (Gamharia Police Station) में महिला वादी के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म (Rape) किए जाने की घटना पर सियासी बवाल थमता नहीं दिख रहा है। घटना के विरोध में भाजपा (BJP) बोकारो महानगर मंडल की ओर से सोमवार को सेक्टर-4 स्थित अंबेडकर चौक के समीप प्रदर्शन किया गया। मंडल अध्यक्ष विशाल गौतम के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई।

महिला डीजीपी के राज में महिलायें सुरक्षित नहीं!
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेत्री डॉ. परिंदा सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है। उन्होंने कहा कि थाने के अंदर महिलाओं के साथ इस तरह की घटना होना पुलिस प्रशासन और शासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य की डीजीपी महिला हैं, उसी राज्य में एक महिला थाने में सुरक्षित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, तब तक विरोध जारी रहेगा।

मंईयां सम्मान की बातें केवल दिखावा ही है!
वहीं, भाजपा नेत्री एंजेला सिंह ने कहा कि राज्य सरकार मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से महिलाओं के सम्मान की बात करती है, लेकिन राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन में भाजपा जिला मंत्री एंजेला सिंह, महिला नेत्री डॉ. परिंदा सिंह, नगर उपाध्यक्ष कुमार राहुल, राज रंजन, गोलू उपाध्याय, नीरज पांडेय, महामंत्री लालबाबू सिंह, मंत्री राजा बाबू, पुष्पा मिश्रा, कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद साहू, संतोष सिंह, विक्की लोहरा, महिला मोर्चा अध्यक्ष ममता गोस्वामी, मंजू सिंह, सुनीता प्रसाद, युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भानु प्रताप, शुभम कुमार जायसवाल, राजा साव, राकेश कुमार, कुश साहू और प्रमोद पांडेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।