logo

शर्मनाक : नाबालिग लड़की और मां को जूते-चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया, क्या है आरोप

नाबालिग लड़की और मां को जूते-चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया, क्या है आरोप

द फॉलोअप डेस्कः
बोकारो जिला के गोमिया थाना क्षेत्र की स्वांग महावीर स्थान कॉलोनी में एक नाबालिग लड़की और उसकी मां को जूते की माला पहनाकर कॉलोनी में घुमाने का मामला सामने आया है। दरअसल महिला और उसकी बेटी पर बच्चा चोरी का आरोप लगा है। घटना से आहत महिला और उसकी बेटी ने अपना घर छोड़ दिया। सोमवार को गोमिया थाना पहुंचीं और आठ नामजद समेत 10-12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। महिला ने आवेदन में कहा कि आरोपियों ने झूठा आरोप लगाकर उसके और उसकी नाबालिग बेटी के साथ अमानवीय व्यवहार किया। कॉलोनी के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।


गोमिया थाना प्रभारी नित्यानंद भोगता ने इस बारे में बताया कि इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा। नामजद आरोपियों में शंकर उर्फ चरका रविदास, विजय रविदास, राजकुमार रविदास, लालू रविदास, नुनुचंद रविदास, राजेश रविदास, चरकी देवी, ललकी देवी शामिल हैं। 


सीडब्ल्यूसी ने लिया संज्ञान
इस घटना पर सीडब्लूसी ने संज्ञान लिया है और सोमवार को गोमिया थाना प्रभारी को पत्र भेजा है। सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष डॉ शंकर रवानी ने पत्र में कहा कि 12 वर्षीया लड़की के मुंह पर कालिख पोत व गले में चप्पल पहना कर उसे गांव में घुमाया गया। घटना निंदनीय है। थाना स्तर से क्या कार्रवाई की गयी है, इसकी जानकारी दें। साथ ही बालिका को दो दिन में बाल कल्याण समिति बोकारो के समक्ष प्रस्तुत करें। 

Tags - बोकारो न्यूज बोकारो की घटना बोकारो लेटेस्ट न्यूज बोकारो झारखंड Bokaro News Bokaro Incident Bokaro Latest News Bokaro Jharkhand