बोकारो:
Jharkhand News: जगेश्वर बिहार थानाक्षेत्र के डाकासाडम मोड़ के पास महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या उसके पति महेंद्र कुमार मंडल ने ही गला दबाकर की थी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसने शव को लाल रंग के टाटा मैजिक वाहन में लादकर सड़क किनारे फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही शव ले जाने में इस्तेमाल किया गया टाटा मैजिक वाहन (JH01CT-5368) भी बरामद किया गया है।

मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाया था
जगेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि 31 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे डाकासाडम मोड़ के पास सड़क किनारे महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान चोरगांव निवासी नीलू देवी (40 वर्ष), पति महेंद्र कुमार मंडल के रूप में की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी के अनुसार, मृतका के पिता रामेश्वर मंडल के लिखित आवेदन पर महेंद्र कुमार मंडल, नरेश साव और मालती देवी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेरमो एसडीपीओ के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई।

हत्यारोपी पति ने वारदात में संलिप्तता कबूली
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मृतका के पति महेंद्र कुमार मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रात में भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद महेंद्र ने सो रही पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव को लाल रंग के टाटा मैजिक वाहन में लादा और जगेश्वर-ललपनिया मुख्य मार्ग स्थित डाकासाडम मोड़ के पास सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद वह घर लौट गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से शव ले जाने में इस्तेमाल किया गया टाटा मैजिक वाहन बरामद किया है।

गांव में विधवा महिला के साथ अफेयर का आरोप
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया था कि महेंद्र कुमार मंडल का गांव की ही विधवा मालती देवी के साथ अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और झगड़ा होता रहता था। मृतका के पिता के आवेदन पर पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। हालांकि, फिलहाल इस मामले में महेंद्र कुमार मंडल की गिरफ्तारी हुई है। अन्य आरोपितों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रकाश यादव, पुलिस अवर निरीक्षक सुरेश पाहन, सहायक अवर निरीक्षक राकेश बांडो और एच कंपनी के जवान शामिल थे।