logo

कोचिंग संचालक ने की छात्रा से छेड़छाड़, कोचिंग फीस माफ करने और गिफ्ट का दिया लालच; केस दर्ज

a634.jpg

तिसरी/गिरिडीह:

गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के सरिया रोड स्थित एक कोचिंग संस्थान के संचालक एवं शिक्षक शाहिद अंसारी पर डिग्री कॉमर्स की एक छात्रा ने छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरिया क्षेत्र की रहने वाली छात्रा ने रविवार को बगोदर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि 30 मई को कोचिंग संचालक शाहिद अंसारी ने उसके साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की।

छात्रा का कहना है कि आरोपी उसे कोचिंग फीस माफ करने, टॉफी व अन्य उपहार देने का लालच देकर अशोभनीय व्यवहार करता था।

अतीत में अन्य लड़की को किया ब्लैकमेल
पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पूर्व में भी एक अन्य लड़की को ब्लैकमेल कर चुका है। छात्रा ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से आरोपी की हरकतों से मानसिक रूप से परेशान और डरी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग कोचिंग संस्थान पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी शाहिद अंसारी विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के बरायं गांव का निवासी बताया जाता है।

आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
इधर, बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि छात्रा की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags - MolestationTeacher Molest Girl StudentGiridih PoliceCrime News