logo

रांची : भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी को लेकर झारखंड कांग्रेस की अहम बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा

a581.jpg

रांची: 

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश निर्वाचन अधिकारी प्रकाश जोशी सह निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कसाना एवं भावेश चौधरी की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में नव नियुक्त प्रदेश प्रतिनिधियों का सम्मेलन स्थानीय संगम गार्डन बैंकवेट हॉल मोरहाबादी रांची में संपन्न हुआ। सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण मसलों पर चर्चा हुई। राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने सहित 2 अहम प्रस्ताव भी इस बैठक में पारित किए गए। 

सम्मेलन में शामिल हुए कई महत्वपूर्ण नेता
सम्मेलन में नेता विधायक दल सह ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, भारत जोड़ो यात्रा के प्रदेश संयोजक सुबोधकांत सहाय, भारत जोड़ो यात्रा के प्रदेश प्रभारी असंगठित कामगार कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदित राज, प्रदेश कॉंग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु टिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू, सुखदेव भगत और प्रदीप यादव, उमाशंकर अकेला, रामचंद्र सिंह कुमार, जयमंगल सिंह उर्फ अनुप सिंह, भूषण बाड़ा एवं अखिल भारतीय कॉंग्रेस कमिटी के सचिव प्रणव झा भी उपस्थित रहे। प्रदेश प्रतिनिधि सम्मेलन का मंच संचालन प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने किया। 

बैठक में 2 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया
बैठक में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया। पहला प्रस्ताव झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी अविनाश पांडे ने रखा जिसमें कहा गया प्रदेश के पदाधिकारियों एवं कांग्रेसजनों की भावनानुरुप भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी को बनाये जाने हेतु सर्वसम्मति से प्रस्ताव रखता हूं। इस प्रस्ताव का समर्थन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर नेता विधायक दल आलमगीर आलम, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख. प्रदीप यादव, उमाशंकर अकेला, रामचंद्र सिंह, कुमार जयमंगल सिंह, भूषण बाड़ा, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी चन्द्रशेखर दुबे सहित सभागार में उपस्थित तमाम प्रदेश प्रतिनिधियों ने दोनों हाथ उठाकर किया।

दूसरा प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने रखा जिसमें कहा गया कि समस्त प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधिगण इंडियन नेशनल कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष आदि जैसे पदाधिकारियों सहित कार्यकारिणी सदस्यों, प्रदेश चुनाव समिति और राज्य के एआईसीसी सदस्यों को नामित करने के करने के लिए अधिकृत करने के लिए सर्व सम्मति से प्रस्ताव रखा जिसका समर्थन  सभी प्रदेश प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर  किया।

महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर हुई चर्चा
प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि देश आज विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है। केंद्र में बैठी भाजपा नित सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी 45 वर्षों के उच्चतम पायदान पर है। राजनैतिक ध्रुवीकरण के मद्देनजर लोगों को बांटने का काम चल रहा है। लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अपदस्थ करने के लिए संवैधानिक संस्थाओं तथा केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग किया जा रहा है। झारखंड इसका स्पष्ट उदाहरण है। कॉंग्रेस पार्टी और उसकी विचारधारा झारखंड के लोगों में रची बसी हुई है। यही कारण है कि सांगठनिक गतिविधियों के सफलता के साथ साथ हम महागठबंधन सरकार के जन हितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन के जरिये जनता से किए गये वायदों को एक के बाद एक लगातार पूरा करने में लगे हुए हैं। 

पार्टी-संगठन की मजबूती पर भी कई गई चर्चा
नव नियुक्त प्रदेश प्रतिनिधि की संगठन सशक्तिकरण की महती जिम्मेदारी है आज जो उन्होंने शपथ लिया और एक-एक प्रतिनिधियों के ऊपर प्रखंड का जो पालकत्व की जिम्मेदारी दी गई है उसे ससमय पूरा करने के लिए लग जाएं। भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के साथ साथ विचारधारा के साथ लोगों को जोड़ने के लिए साथ मे सदस्यता अभियान भी चलाना है। प्रभारी ने ये निर्देश दिया।

नवनियुक्ति पदाधिकारियों का किया गया स्वागत
राजेश ठाकुर नेकहा कि यह विगत छह महीने के अथक मेहनत एवं प्रयास का परिणाम है कि आप और हम सब इस सभागार में उपस्थित हैं। प्रभारी महोदय के मार्गदर्शन में झारखंड कांग्रेस लगातार केंद के द्वारा निर्देशित कार्यक्रम के आयोजन के साथ-साथ सदस्यता अभियान निर्वाचन प्रणाली के तहत प्रखंडों से लेकर ज़िला स्तर तक की कार्यवाही पूरी पारदर्शिता के साथ निर्वाचन अधिकारी प्रकाश जोशी सह निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कसाना, भावेश चौधरी के सहयोग एवं मार्गदर्शन में संभव कर पाए। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमिटी उनका आभार व्यक्त करती है। इस समय भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम चल रहा है इस कार्यक्रम को परस्पर सहयोग से सफ़ल बनाना है। 


प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम झारखंड में पांचों प्रमंडल के सभी जिलों में कैसे आयोजित होगी। कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक सुबोधकांत सहाय ने पॉवर पॉइन्ट प्रेजेंटेशन के जरिये प्रदेश प्रतिनिधियों के समक्ष रखने का काम किया। 

महान उद्देश्य के लिए हो रही है भारत जोड़ो यात्रा
प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के प्रभारी उदित राज ने कहा कि यह महान उद्देश्य को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व यात्रा चल रही है। अपार ज़न समर्थन ने यह बतला दिया है कि कॉंग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों के लिए लड़ रही है। महंगाई के मुद्दों के लिए हम लड़ रहे है। बेरोजगारी के मुद्दों के लिए लड़ रहे हैं। ध्रुवीकरण के खिलाफ लड़ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी सबसे प्रमुख विपक्षी पार्टी होने के नाते लड़ रही है। इसमें भी कोई दोराय नहीं है कि सबसे मुखर नेता अगर कोई पूरे देश में है, तो वो राहुल गांधी है पर हमारा संघर्ष चुनावी मशीन से है इसलिए हमारी तैयारी उसी अनुरुप होनी चाहिए। 


निर्वाचन अधिकारी प्रकाश जोशी ने प्रदेश में संचालित चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपने अनुभव को साझा किया तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित प्रदेश की पूरी टीम एवं राज्य के काँग्रेस शीर्ष नेतृत्व में शामिल तमाम नेताओं एवं यहां के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया कि मुझे एवं मेरे सहयोगियों भावेश चौधरी  एवं जितेन्द्र कसाना को झारखंड में इस पूरी प्रक्रिया में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं झेलना पड़ा। 


नेता विधायक दल आलमगीर आलम ने अपने संबोधन में तमाम नव नियुक्त प्रदेश प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए संगठन सशक्तिकरण अभियान के लिए जुट जाने का आह्वान किया। इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। जरूरत है ईमानदार प्रयास की उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो आज अनवरत मुद्दों का संघर्ष कर रही है महंगाई बेरोजगारी जैसे मुद्दों को गौण रख कर राजनीतिक लाभ के लिए देश को बांटने वालों को करारी शिकस्त देना है।