logo

झारखंड में दिखा साइक्लोन मिचौंग का असर, इन इलाकों में होगी बारिश; येलो अलर्ट जारी

झारखंड में दिखा साइक्लोन मिचौंग का असर, इन इलाकों में होगी बारिश; येलो अलर्ट जारी

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में भी चक्रवात मिचौंग का असर दिखने लगा है। राज्य के कई इलाकों में सुबह से ही बारिश शुरू हो गई है। हवा का रुख भी बदल गया है। दरअसल तमिलनाडु तट से टकराने के बाद मिचौंग आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके बाद मंगलवार की दोपहर मछलीपट्टनम के आसपास टकराने की उम्मीद है। इसकी गति 90 से 100 किमी प्रति घंटे हो सकती है। फिलहाल, देश के पूर्वी हिस्से से झारखंड की ओर जो हवा आ रही है। पांच दिसंबर को राज्य के दक्षिणी (कोल्हान) और मध्य भाग (राजधानी और आसपास) में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 


इन जिलों में बारिश की संभावना 
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सोमवार को आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। मंगलवार को झारखंड के दक्षिण भाग पूर्वी सिंहभूम, प. सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला-खरसांवा सहित मध्य झारखंड के रांची समेत बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी व रामगढ़ में मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग रांची ने यलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार और गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं। 


9 दिसंबर से बढ़ेगी ठंड 
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मिचौंग तूफान बंगाल की खाड़ी, आंध्र प्रदेश व तमिलनाडु समुद्रीय तटीय क्षेत्रों में टकराने वाली है। छह और सात दिसंबर को राज्य के करीब-करीब सभी हिस्से में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। आठ दिसंबर तक झारखंड के कई हिस्सों में बादल छाएं रहेंगे और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इस कारण थोड़ी गर्माहट का अहसास भी होगा, जबकि आठ दिसंबर के बाद पूरे झारखंड का मौसम साफ हो जाएगा। इसके बाद नौ दिसंबर से ठंड बढ़ेगी।


किसानों को धान बचाने की सलाह

मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों को धान की फसल बचाने का आग्रह किया है। धान की फसल खलिहान में पड़ी हुई है, जिसके बारिश से खराब होन की आशंका है. ऐसे में किसानों को धान की फसल बचाने की व्यवस्था करनी चाहिए। 


ये ट्रेनें हुई है प्रभावित 
चक्रवाती तूफान के कारण रांची रेलमंडल होकर परिचालित होने वाली कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इसमें कोयंबटूर-बरौनीं साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन वाया रांची छह दिसंबर, अल्लापुज्जा-धनबाद एक्सप्रेस छह और सात दिसंबर को रद्द रहेगी। इसके अलावा सर एम विश्वश्चैया बेंगलुरु-हटिया एक्सप्रेस पांच, सर एम विश्वश्चैया बेंगलुरू-हटिया एक्सप्रेस पांच, एर्नाकुलम-हटिया धरती आबा एक्सप्रेस भी छह दिसंबर को रद्द रहेगी। सोमवार को भी कई ट्रेनें रद्द रहीं। इसमें हटिया-एर्नाकुलम धरती आबा एक्सप्रेस, धनबाद-अल्लापुज्जा एक्सप्रेस शामिल हैं।