logo

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर झारखंड में फिल्म निर्माण की असीम संभावनाएंः डॉ गोपाल पाठक

festival.jpg

द फॉलोअप, रांची

रांची स्थित सरला बिरला यूनिवर्सिटी (एसबीयू) में चित्रपट झारखंड के तत्वावधान में शुक्रवार को तीन दिवसीय झारखंड फ़िल्म फेस्टिवल-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डायरेक्टर जनरल प्रो. (डॉ.) गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. (डॉ.) जेगनाथन चोकलींगम तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर फेस्टिवल की स्मारिका चित्रपटल का भी लोकार्पण किया गया। देशभर से फेस्टिवल के लिए 84 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 67 फिल्मों का चयन प्रदर्शन के लिए किया गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में झारखंड की संस्कृति, प्रकृति और स्थानीय प्रतिभाओं पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन होगा।

मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) गोपाल पाठक ने कहा कि भारतीय सिनेमा ने दादा साहब फाल्के के दौर से लेकर एआई युग तक लंबी यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य और प्रतिभाओं से भरपूर राज्य है तथा यहां फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने चुटुपालू घाटी, जोन्हा फॉल, दशम फॉल और पत्रातु डैम को उत्कृष्ट फिल्म शूटिंग लोकेशन बताते हुए इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की जरूरत बताई। साथ ही सरला बिरला यूनिवर्सिटी में फिल्म मेकिंग सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इससे युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण मिलेगा और झारखंड का उभरता फिल्म उद्योग "जॉलीवुड" नई पहचान बनाएगा।

कुलपति प्रो. (डॉ.) जेगनाथन चोकलींगम ने कहा कि नई सोच, रचनात्मकता और तकनीक के समन्वय से झारखंड सिनेमा नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के मास कम्युनिकेशन विभाग में अंतरराष्ट्रीय स्तर की मीडिया लैब विकसित की जा रही है तथा भविष्य में फिल्म मेकिंग, ड्रामा और क्रिएटिव आर्ट्स से जुड़े डिग्री पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है। कार्यक्रम में चित्रपट झारखंड के अध्यक्ष नंद कुमार सिंह, सचिव सुमित मित्तल, सामाजिक कार्यकर्ता विजय कुमार, जूरी सदस्य डॉ. देवव्रत सिंह, नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य आशुतोष द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, फिल्मकार, प्रतिभागी और कला-संस्कृति से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

Tags - Jharkhand film film festival start