जामताड़ा
जामताड़ा अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अनंत कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को शहर स्थित प्रतिष्ठित पॉपुलर नर्सिंग होम में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि नर्सिंग होम में आवश्यक वैध लाइसेंस के बिना अल्ट्रासाउंड का संचालन किया जा रहा था। एसडीओ अनंत कुमार ने बताया कि पीसी-पीएनडीटी एक्ट के तहत अल्ट्रासाउंड संचालन के लिए निर्धारित अनिवार्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए उस कक्ष को सील कर दिया गया, जहां अल्ट्रासाउंड की सेवा संचालित की जा रही थी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई
मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अस्पताल परिसर में संचालित दवा दुकान एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जांच की जा रही है, ताकि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस कार्रवाई में सदर अस्पताल के डीपीएम, एमआईसी डॉ. निलेश कुमार, उपाधीक्षक समेत स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने अस्पताल के दस्तावेजों की जांच की तथा संबंधित उपकरणों और अभिलेखों का सत्यापन किया।
