logo

सरायकेला-खरसावां में अवैध खनन पर प्रशासन का एक्शन, ओवरलोड हाइवा समेत तीन वाहन जब्त

सरायकेला-खरसावां में अवैध खनन पर प्रशासन का एक्शन, ओवरलोड हाइवा समेत तीन वाहन जब्त

सरायकेला-खरसावां 

सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में सोमवार देर रात ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम इलाके में जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाकर तीन वाहनों को जब्त किया। उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खनन विभाग, अंचल अधिकारी और ईचागढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बालू और पत्थर के परिवहन की जांच की। अभियान के दौरान खनिज लदे वाहनों के परिवहन चालान और उनमें लदे खनिज की मात्रा का बारीकी से जांच की गयी । जांच के दौरान पातकुम चौक के पास पत्थर से लदा हाइवा में परिवहन चालान में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज ले जाते हुए पाया गया।

खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी

वहीं बालू से लदे दो ट्रैक्टर बिना वैध परिवहन चालान के संचालित होते मिले। अनियमितता सामने आने के बाद तीनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से ईचागढ़ थाना परिसर में रखा गया है। जिला खनन विभाग ने संबंधित मामलों में खनन अधिनियम एवं अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या वाहन के खिलाफ नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Tags - Illegal Mining Mining Department Joint Checking Drive DC Seraikela