जामताड़ा
जामताड़ा जिले में एक कोल्ड ड्रिंक दुकान में अवैध शराब का कारोबार चल रहा था. पुलिस टीम ने जब दुकान पर अचानक दबिश दी, तो तलाशी के दौरान वहां से विभिन्न नामी ब्रांडों की विदेशी शराब और बीयर की बोतलें बरामद हुई. मामला बेलबोरॉय गांव का है. जब फतेहपुर पुलिस ने विश्वजीत गोराई के दूकान में दबिश दी तब उसने शराब से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस या आधिकारिक दस्तावेज पेश नहीं किया.
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी विश्वजीत गोराई को गिरफ्तार कर लिया और अवैध खेप को जब्त कर लिया. इस मामले में फतेहपुर थाना कांड संख्या 15/2026 दर्ज की गई है. आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274, 275, 292 और झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस सफलता के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध शराब के सिंडिकेट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसे अवैध धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और भविष्य में भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
