logo

QS बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग 2027 में IIM रांची की एंट्री, मैनेजमेंट में एशिया 21वां और बिजनेस एनालिटिक्स में 16वां स्थान

QS बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग 2027 में IIM रांची की एंट्री, मैनेजमेंट में एशिया 21वां और बिजनेस एनालिटिक्स में 16वां स्थान

द फॉलोअप डेस्क, रांची
IIM रांची ने प्रतिष्ठित QS Business Master's Rankings 2027 में अपनी जगह बनाई है। ‘मास्टर्स इन मैनेजमेंट’ श्रेणी में संस्थान को 201+ ग्लोबल बैंड में रखा गया है, जबकि एशिया में IIM रांची को 21वां स्थान मिला है। वहीं, ‘मास्टर्स इन बिजनेस एनालिटिक्स’ यानी MBA-Business Analytics श्रेणी में भी संस्थान 201+ ग्लोबल बैंड में शामिल हुआ है और एशिया में 16वां स्थान हासिल किया है। संस्थान के अनुसार, यह उपलब्धि प्रबंधन शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे लगातार प्रयासों को दर्शाती है। साथ ही इससे IIM रांची की वैश्विक पहचान, अकादमिक गुणवत्ता और प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में स्थिति मजबूत होने की बात सामने आती है।


पांच प्रमुख मानकों पर होता है मूल्यांकन
QS Business Master's Rankings 2027 में शैक्षणिक कार्यक्रमों का मूल्यांकन पांच प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया है। इनमें एम्प्लॉयबिलिटी यानी रोजगार क्षमता को 35 फीसदी, एलुमनाई आउटकम्स यानी पूर्व छात्रों की सफलता को 15 फीसदी, वैल्यू फॉर मनी यानी निवेश के मुकाबले डिग्री का वित्तीय मूल्य 20 फीसदी, थॉट लीडरशिप यानी वैचारिक नेतृत्व को 20 फीसदी और डायवर्सिटी यानी विविधता को 10 फीसदी वेटेज दिया गया है। इस तरह रैंकिंग में कुल 50 फीसदी महत्व एम्प्लॉयबिलिटी और एलुमनाई आउटकम्स को दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों के करियर और रोजगार से जुड़े परिणामों पर खास जोर दिखाई देता है। इसके साथ ही वित्तीय मूल्य, अकादमिक प्रभाव, शोध और संस्थान में विविधता को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया है।


रोजगार और पूर्व छात्रों के प्रदर्शन को भी देखा गया
एम्प्लॉयबिलिटी के तहत स्नातकों के रोजगार की संभावनाओं के साथ नियोक्ताओं की धारणा का आकलन किया जाता है। इसमें यह देखा जाता है कि संबंधित पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को पेशेवर क्षेत्र के लिए कितनी प्रभावी तरीके से तैयार करता है। एलुमनाई आउटकम्स में संस्थान से पढ़ाई पूरी कर चुके छात्रों की करियर उपलब्धियों और उनकी पेशेवर सफलता का मूल्यांकन किया जाता है। वहीं वैल्यू फॉर मनी में डिग्री हासिल करने में आने वाली वित्तीय लागत और उससे मिलने वाले मूल्य को ध्यान में रखा जाता है। थॉट लीडरशिप के तहत बिजनेस एजुकेशन में संस्थान के अकादमिक और शोध प्रभाव की समीक्षा होती है। डायवर्सिटी के अंतर्गत पाठ्यक्रम और कक्षा में विद्यार्थियों के साथ-साथ फैकल्टी की विविधता और समावेश को भी देखा जाता है। ये सभी मानक मिलकर किसी कार्यक्रम की पेशेवर प्रासंगिकता, करियर परिणाम, वित्तीय मूल्य और अकादमिक विश्वसनीयता का आकलन करते हैं।


मैनेजमेंट में मिले ये स्कोर
‘मास्टर्स इन मैनेजमेंट’ श्रेणी में IIM रांची को एम्प्लॉयबिलिटी में 37.2, एलुमनाई आउटकम्स में 20, वैल्यू फॉर मनी में 32.7, थॉट लीडरशिप में 32.5 और डायवर्सिटी में 21.8 अंक मिले हैं। वहीं ‘मास्टर्स इन बिजनेस एनालिटिक्स (MBA-BA)’ श्रेणी में संस्थान ने एम्प्लॉयबिलिटी में 27.8, एलुमनाई आउटकम्स में 20, वैल्यू फॉर मनी में 27.3, थॉट लीडरशिप में 31.1 और डायवर्सिटी में 25 अंक हासिल किए हैं। इन अलग-अलग मानकों पर मिले अंकों के आधार पर दोनों कार्यक्रमों को QS की 2027 रैंकिंग में स्थान मिला है। IIM रांची को हाल ही में Association of MBAs यानी AMBA की प्रतिष्ठित मान्यता भी मिली है। AMBA की मान्यता को मैनेजमेंट शिक्षा के क्षेत्र में दिए जाने वाले ‘ट्रिपल क्राउन’ में शामिल प्रमुख मान्यताओं में से एक माना जाता है। इसके अलावा IIM रांची ने QS World University Rankings की ‘एग्जीक्यूटिव MBA’ श्रेणी में भी जगह बनाई है। इस श्रेणी में संस्थान को 201+ ग्लोबल बैंड में रखा गया था और एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में 33वां स्थान मिला था। QS Business Master's Rankings 2027 में नई उपलब्धि और हालिया अंतरराष्ट्रीय मान्यताओं के साथ IIM रांची की वैश्विक अकादमिक मौजूदगी लगातार विस्तार कर रही है। संस्थान इन उपलब्धियों के जरिए प्रबंधन शिक्षा और अकादमिक मानकों के क्षेत्र में अपनी अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत कर रहा है।

Tags - IIM Ranchi QS Rankings Business Masters MBA Business Analytics Management Education