द फॉलोअप डेस्क
सचिवालय किसी राज्य सरकार का वह सर्वोच्च कार्यालय है, जहां कायदे-कानून बनाए जाते हैं। उसके अनुपालन की विधियां तैयार होती है। गड़बड़ी या विसंगति को दूर करने की महती जिम्मेदारी सौंपी गयी है। इसके लिए तरह तरह के अधिनियम, नियम, परिनियम बने हुए हैं। आमतौर पर सामान्य लोग यह समझते हैं कि राज्य सरकार में सचिवालय ही न्याय का सर्वोच्च सोपान है। पर झारखंड के सचिवालय का सच बहुत ही कड़वा है। यहां अधिकतर काम बड़े अधिकारियों, जिसे सचिव कहते हैं, उनके मौखिक आदेश पर होता है। यहां लिखित पर अलिखित आदेश ज्यादा प्रभावी होता है। यहां खाने के और दिखाने के और दांत होते हैं। किसी कनीय अधिकारी को हिम्मत है क्या, जो वह बड़े साहब के निर्देश के बगैर फाइल बढ़ा दे। यहां साहबों के कहने पर ही फाइलें ऊपर-नीचे आती जाती है। साहब ने कह दिया कि मांगने पर फाइल बढ़ाना तो वह फाइल आलमीरे में ही सड़ती रहती है। कभी कभी तो जबरन फाइल पर तिथियां भी बदलवायी जाती है। पूर्व में लिखित फाइल में फिर से तिथि बदलवायी जाती है। उस दिन का डेट डलवाया जाता है, जिस दिन वह बड़े साहब के यहां उपस्थापित किया जाता है।

दिलचस्प यह भी कि साहब को अगर ऊपर का आदेश आया तो, फाइल को लटकाए रखने का निर्देश देनेवाले साहब ही, उस कर्मी या अधिकारी पर बरस पड़ते हैं। उसे सस्पेंड कर देने पर उतारू हो जाते हैं। सचिवालय के अनाम सच में दर्जनों ऐसे उदाहरण हैं जब किसी कनीय अधिकारी ने साहब के मौखिक आदेश के बगैर फाइल बढ़ा दी। इसके लिए जलालतें झेली। डांट फटकार ही नहीं उस विभाग से स्थानांतरण का दंश झेला है। यही कारण है कि किसी किसी मुद्दे पर सरकार के शीर्ष स्तर पर, कार्यपालिका के शीर्ष मंदिर में निर्णय लेने में महीनों ही नहीं वर्षों लग जाते हैं। सचिवालय अनुदेश में सामान्यतः तीन दिनों में फाइल बढ़ा देने की सपाट बात भी लिखी हुई है। सिस्टम में सुधार और सचिवालयी काम में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए सचिवालय अनुदेश में संशोधन की कवायद जारी है। सिस्टम को सुधार देने का दावा करनेवाले मंत्रियों-अधिकारियों से उम्मीद भी की जा रही है कि अब समय सीमा की बाध्यता नये अनुदेश में समाहित होगा। समय पर निर्णय नहीं लेनेवाले कर्मचारियों, अधिकारियों के लिए दंड के स्पष्ट प्रावधान भी होंगे। लेकिन ऐसी उम्मीद करनेवाले इस बार भी निराश होंगे। क्योंकि सिस्टम में अगर यह सुधार हो गया तो भ्रष्टाचार की ही भ्रूण हत्या हो जाएगी। और ऐसा हुआ तो उन्हें पूछेगा कौन, जो शासन-प्रशासन के शीर्ष पर बैठे हुए मजे मार रहे हैं।
