logo

पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा में IED विस्फोट, सर्च ऑपरेशन के दौरान कोबरा बटालियन के कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से घायल 

आआडी_b.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा के घने जंगलों में रविवार को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सर्च ऑपरेशन के बीच नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए IED विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में 209 कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों को जंगल क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर कोबरा बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन के लिए निकली थी। अभियान के दौरान जब टीम दुर्गम इलाके में आगे बढ़ रही थी, तभी जमीन के नीचे लगाए गए IED में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के तुरंत बाद जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पूरे इलाके को घेर लिया और संभावित हमले की आशंका को देखते हुए मोर्चा संभाल लिया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस मुख्यालय और वरीय अधिकारियों को दी गई।
इसके बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।

सुरक्षा एजेंसियां इलाके में नक्सलियों की हर गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। घायल सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है। एयरलिफ्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खेलगांव हेलीपैड पर एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम को अलर्ट पर रखा गया है, जहां से उन्हें सीधे अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। बहरहाल, घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी है और जंगल में तलाशी अभियान लगातार जारी है।

Tags - West Singhbhum Saranda IED Blast Anti Naxal Operation Jharkhand 209 CoBRA Battalion Incident Assistant Commandant Ajay Malik Injured Naxalite Planted IED Explosion Joint Search Operation Police and CoBRA Saranda Forest Blast News Jharkhand Maoist A