logo

ICFAI University का 7वां दीक्षांत समारोह 26 नवंबर को, 365 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री

ICFAI University का 7वां दीक्षांत समारोह 26 नवंबर को, 365 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री

द फॉलोअप डेस्क:

ICFAI University 7th Convocation: द आईसीएफएआई विश्वविद्यालय (ICFAI University), झारखंड का 7वां दीक्षांत (7th Convocation) समारोह 26 नवंबर 2026 को रांची (Ranchi) के डोरंडा (Doranda) स्थित शौर्य सभागार, जैप ग्राउंड के सामने आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में झारखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के विजिटर संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टी. आर. के. राव, कुलपति कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह और कुलसचिव सुमित कुमार सिन्हा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। समारोह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के कुल 365 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 10 पीएचडी शोधार्थी, 47 एनबीए, 16 बीबीए, 13 बीबीए (बिजनेस एनालिटिक्स), 21 बीटेक, विभिन्न विशेषज्ञताओं के 77 बीसीए, 35 डिप्लोमा इन टेक्नोलॉजी, 40 एलएलएम, 85 एलएलबी और 21 बीबीए एलएलबी (ऑनर्स) के विद्यार्थी शामिल हैं। समारोह का विशेष आकर्षण 10 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान करना होगा। इन शोधार्थियों ने प्रबंधन, विपणन, संगठनात्मक व्यवहार, उद्यमिता, ज्ञान प्रबंधन, डिजिटल परिवर्तन और सतत विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में शोध कार्य पूरा किया है।

शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 12 स्वर्ण और 11 रजत पदक होंगे प्रदान

शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 12 स्वर्ण पदक और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11 रजत पदक प्रदान किए जाएंगे। ये सभी पदक राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार प्रदान करेंगे। वहीं, विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल (डॉ.) रणजीत सिंह शैक्षणिक सत्र 2025-26 की विश्वविद्यालय रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसमें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति और संस्थागत विकास की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया जाएगा। इस दौरान उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी विश्वविद्यालय की शपथ भी लेंगे। इसमें वे नैतिक आचरण, व्यावसायिक निष्ठा, प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान, कार्य की गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे। विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की पूर्णता के साथ उनके नए व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत जीवन की शुरुआत का प्रतीक होगा। विश्वविद्यालय अपने आदर्श वाक्य 'मूल्यों के साथ पेशेवरों का निर्माण' (ग्रूमिंग प्रोफेशनल्स विद वैल्यूज) के अनुरूप ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण सक्षम पेशेवरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दे सकें।
 

Tags - ICFAI University Jharkhand Convocation 2026ICFAI University 7th ConvocationICFAI University Ranchi