logo

ईंट भट्ठा में काम करने लातेहार से यूपी गये थे पति पत्नी, एक-एक कर दोनों की ऐसे हो गयी मौत

3YEAROLD2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
लातेहार जिले के मनिका प्रखंड स्थित कॉलोनी टोला के रहने वाले मजदूर दंपती की उत्तर प्रदेश में मौत हो गयी। मृतकों की पहचान गोला नायक और उनकी पत्नी राजमणिया देवी के रूप में हुई है। दंपती लातेहार निवासी कृष्णा साव के माध्यम से उत्तर प्रदेश के अकबरपुर में ईंट भट्ठे पर काम करने के लिए गए थे। यहां गोला नायक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं पति को एंबुलेंस से मनिका लाने समय पत्नी की भी मौत हो गयी। 

मिली जानकारी के अनुसार गोला नायक और राजमणिया देवी, दोनों मजदूरी कर अपनी आजीविका चलाते थे। कुछ समय पहले कृष्णा साव, जो ठेकेदार है, उनके जरिए दोनों को उत्तर प्रदेश के अकबरपुर में काम के लिए भेजा गया था। लेकिन अचानक काम के दौरान गोला नायक की मृत्यु हो गई। भट्ठा संचालक और ठेकेदार ने उनके अंतिम संस्कार को वहीं करने का सुझाव दिया। लेकिन परिजनों ने शव को गांव लाकर अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई। इसके बाद एंबुलेंस से गोला नायक का शव मनिका भेजा गया, जहां उसकी पत्नी राजमणिया देवी भी साथ थी।

इसके बाद जब एंबुलेंस गांव पहुंची, तो गोला नायक के साथ राजमणिया देवी का शव भी उतारा गया। एंबुलेंस चालाक ने बताया कि रास्ते में राजमणिया देवी की भी मृत्यु हो गई। हालांकि पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में कोई संदेहास्पद कारण नजर नहीं आया और दोनों की मौत सामान्य प्रतीत हो रही है। वहीं परिजनों ने भी किसी पर आरोप नहीं लगाया है। दोनों दंपती की उम्र 60 से अधिक थी और वे हमेशा एक साथ काम करते थे। आज उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा भी एक साथ ही पूरी हुई, और उनका अंतिम संस्कार भी एक ही समय पर किया गया।


 

Tags - झारखंड न्यूज झारखंड लेटेस्ट न्यूज लातेहार न्यूज Jharkhand News Jharkhand Latest News Latehar News