logo

विरोध-प्रदर्शन : भोजपुरी और मगही को स्थानीय भाषा की सूची से हटाने की मांग, बोकारो से धनबाद तक बनी मानव श्रृंखला

भोजपुरी और मगही को स्थानीय भाषा की सूची से हटाने की मांग, बोकारो से धनबाद तक बनी मानव श्रृंखला

बोकारोः
राज्य में सरकार ने नई नियोजन नीति बनाई है। इसके अनुसार अभ्यर्थियों को राज्य में मैट्रिक-इंटर की पढ़ाई करने के साथ-साथ जनजातीय और क्षेत्रीय भाषा का ज्ञान होना भी जरूरी बताया गया है। सरकार ने राज्य में जिलास्तरीय पदों के लिए जनजाति और क्षेत्रीय भाषाओं की सूची जारी की है। बोकारो और धनबाद में भोजपुरी और मगही को शामिल किया है। इसके विरोध में बोकारो से धनबाद तक मानव श्रृंखला बनाया गया है। इन भाषाओं को हटाने की मांग है।

हर दिन हो रहा है विरोध
सरकार की नई नियोजन नीति के अनुसार भोजपुरी और मगही भाषा को बोकारो और धनबाद जिले में क्षेत्रीय भाषा के रूप में शामिल किया गया है। इन दोनों भाषाओं को शामिल किये जाने के बाद से छोटे-छोटे स्तर पर आंदोलन होने लगे हैं। बता दें कि बोकारो और धनबाद जिले के विभिन्न प्रखंडों में बीते 15 दिनों से छोटी-छोटी सभाओं के माध्यम से भाषा संघर्ष समिति के लोग और युवा इसका विरोध कर रहे हैं। उसी क्रम में आज झारखंडी भाषा संघर्ष समिति की ओर से बोकारो से धनबाद तक मानव श्रृंखला बनाई गई। इस मानव श्रृंखला में गैर झारखंडी भाषाओं को शामिल किये जाने का लोग विरोध कर रहे हैं।

कहां बनी है मानव श्रृंखला 
बता दें कि भाषा विरोधी मानव श्रृंखला बोकारो के नगेन मोड़ बंगाल बॉर्डर से बिनोद बिहारी चौक धनबाद तक बनायी गयी है। यह मानव श्रृंखला सुबह 10. 30 बजे से बनना शुरू हुई थी जो 2.30 बजे तक निर्धारित की गयी थी। इस मानव श्रृंखला  में भाषा संघर्ष समिति के लोग हाथों में तख्तियां लेकर मगही और भोजपुरी को धनबाद और बोकारो जिले में शामिल करने का विरोध कर रहे थे।