logo

हाथ में फाइल लेकर ED ऑफिस पहुंचे जेलर प्रमोद कुमार, इस सिलसिले में होनी है पूछताछ

jailer_hothwar.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (Birsa Munda Central Jail) के जेलर प्रमोद कुमार (Jailer Pramod Kumar) ईडी ऑफिस पहुंच गए हैं। जेलर प्रमोद अपने साथ ईडी दफ्तर एक फाइल लेकर आए हैं। गौरतलब है कि ईडी ने बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल के जेलर प्रमोद कुमार को शराब घोटाले में जेल में बंद योगेंद्र तिवारी (Yogendra Tiwari) के नाम से प्रभात खबर के संपादक आशुतोष चतुर्वेदी (Prabhat Khabar editor Ashutosh Chaturvedi) को फोन पर धमकाने के मामले में समन भेजा था। उन्हें 2 जनवरी को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में हाजिर होने को कहा गया था। साथ ही निर्देश भी दिया गया था कि मनी लाउंड्रिंग के आरोपी योगेंद्र तिवारी के सेल का सीसीटीवी फुटेज और फोन कॉल से संबंधित ब्योरा भी साथ लेकर आए।

30 दिसंबर की सुबह 8.28 बजे आया था फोन

जानकारी के मुताबिक शनिवार को सुबह प्रभात खबर के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी को मोबाइल फोन पर धमकी दी गई थी। उनके नंबर पर 30 दिसंबर 2023 की सुबह 8.28 मिनट पर फोन आया था। उन्हें प्रभात खबर में छपी खबरों का उल्लेख करते हुए योगेंद्र तिवारी नाम से धमकी दी गई थी। कुछ देर बाद वरीय संपादक विजय पाठक के मोबाइल नंबर पर भी फोन आया। उनके नंबर पर सुबह 8.34 बजे से लेकर 8.50 बजे के बीच फोन आया। हालांकि, इस दौरान बात नहीं हो पाई। छानबीन पर पता चला कि बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से फोन किया गया था। 

शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी न्यायिक हिरासत में है

बता दें कि शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी को बालू तस्करी और अवैध तरीके से शराब का कारोबार करने के मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। ईडी ने अपनी चार्जशीट में बताया कि योगेंद्र तिवारी ने अवैध कारोबार के जरिए काफी संपत्ति जुटाई। योगेंद्र तिवारी फिलहाल रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद है। योगेंद्र तिवारी के नाम पर झारखंड के एक बड़े हिंदी दैनिक अखबार के प्रधान संपादक को धमकाने का मामला गंभीर है। पुलिस छानबीन करेगी।