द फॉलोअप डेस्कः
जमशेदपुर में दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गयी है। जबकि, बेटा गंभीर रूप से घायल है। घटना मंगलवार देर रात करीब 1.30 बजे के आसपास की है। दुर्घटना टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को रोड में घटी है। जिसमें अज्ञात वाहन की चपेट में स्कूटी सवार पिता-पुत्र और पुत्री आ गये। मृतकों में परसुडीह के बारीगोड़ा जनता पथ निवसी कृष्णा कुमार शर्मा (38) और अंजलि कुमारी (19) शामिल है। जबकि, घायल विकी कुमार (18) को पैर में गंभीर चोट आयी है। घायल का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बुधवार की सुबह पहले टेल्को थाना का घेराव कर दिया। इसके बाद बाद पुलिस के समझने पर सभी दुर्घटनास्थल पहुंचे और जेम्को सड़क का घेराव कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों की ओर से मृतकों के परिवारवालों को मुआवजा दिलाने की मांग की जा रही थी। जिसके बाद प्रशासन के काफी समझाने पर मामला शांत हुआ।
मृतक कृष्णा कुमार शर्मा जोजोबेड़ा स्थित सीमेंट फकट्री में कार्यरत थे, जबकि उनकी बेटी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वहीं, घायल विकी कुमार 9वीं कक्षा का छात्र है। बताया जा रहा है कि अंजलि कुमारी को रांची में आयोजित एमटीएस की परीक्षा में शामिल होना था। उसी को छोड़ने के लिए कृष्णा कुमार अपने बेटे के साथ रात 1 बजे के आसपास टाटानगर स्टेशन गये थे। अंजलि को क्रियायोग एक्सप्रेस पकड़ना था। लेकिन, देर हो जाने के कारण ट्रेन छूट गयी और तीनों वापस घर आ रहे थे। घटना के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सभी परिवारवालों का रो-रो कर बुरा हाल है।