द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत डुमरी मुख्य पथ पर हरलाडीह के पास सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि एक मोटरसाइकिल दो टुकड़ों में बंट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क किनारे से निकालकर स्थानीय अस्पताल भेजा।
मृतकों में से एक की पहचान दुर्गापहाड़ी निवासी प्रदीप हेम्बरम के रूप में की गई है, जबकि दूसरे मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, इस दुर्घटना में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. जिनमें एक का नाम अशोक हेम्बरम और दूसरे का नाम नुकलाश मुर्मू है, जो डुमरी थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
दोनों घायलों का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पीरटांड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
