द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बनहती में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, तीनो युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गिरिडीह से अपने घर बारसोली लौट रहे थे। इसी दौरान बनहती के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया।
स्थानीय लोग मौके पर जुटे और तुरंत तीनों घायलों को उठाकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय कुंदन तुरी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल सागर कुमार (16 वर्ष), पिता मिंटू तुरी, और सुमित तुरी (15 वर्ष) का इलाज अस्पताल में चल रहा है। तीनों युवक बेंगाबाद थाना क्षेत्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार कार चालक की तलाश जारी है।
