द फॉलोअप डेस्कः
राजधानी में 23 और 24 अगस्त को होने वाले दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला पुलिसकर्मी-पदाधिकारी सम्मेलन की तैयारियों के बीच गुरूवार को गृह सचिव वंदना डाडेल तथा एडीजी सुमन गुप्ता ने रांची महिला थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला थाने के सभी पदाधिकारियों और आरक्षियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनके कार्यों तथा जिम्मेदारियों की जानकारी ली।
पीड़ित महिलाओं से की गयी बातचीत
इस अवसर पर, पीड़ित महिलाओं से उनके मामलों पर बातचीत की गई और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया। इसके साथ ही महिला थाने में उपलब्ध संसाधनों से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। महोदया ने महिला थाना की आवश्यकताओं और संसाधनों की कमी के बारे में एक विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला थाना परिसर के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था, और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए। इन दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
महिला पुलिसकर्मियों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान, उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों के साथ संवाद स्थापित किया और उनकी कार्य परिस्थितियों एवं चुनौतियों के बारे में भी चर्चा की। इसके साथ महिला थाना की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधारों का सुझाव भी दिया। गौरतलब है कि महिला पुलिस सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा तथा उनके सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना है। इस दिशा में महिला थाना की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य भी महिला थाना की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाना है।