logo

Ranchi : अब मनचलों की खैर नहीं, स्कूल-कॉलेज में लगेगा होर्डिंग्स, शिकायत करने पर तुरंत होगी कार्रवाई

SSP_KAUSHAL1.jpg

रांचीः 

राजधानी रांची में इन दिनों छेड़खानी के मामले बढ़ गए हैं। स्कूल कॉलेज के बाहर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। लड़के आए दिन लड़कियों को छेड़ते नजर आते हैं। इव टीजिंग के मामले बढ़ते देख रहे हैं। बीते दिनों ऐसी कई घटनाएं सामने आई है जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का फैसला लिया है। आपको याद होगा कि पिछले गुरुवार ही डोरंडा कॉलेज के बाहर बदमाश युवकों का जमावड़ा लगा था जिसका विरोध करने पर शिक्षक के साथ मारपीट की गई। वही ओरमांझी में एक स्कूल में कुछ लड़कों ने लड़कियों को जबरदस्ती दोस्ती करने का दबाव बनाया। इन सब मामलों को देखते हुए रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने कुछ गाइडलाइन जारी करने का फैसला लिया है। अब स्कूल कॉलेज के बाहर शक्ति कमांडो को सघन गश्त पर लगाया जाएगा।


कॉलेजों में होर्डिंग्स लगाया जाएगा
एसएसपी ने स्कूल-कॉलेज के इलाकों में शक्ति कमांडों को सघन गश्त लगाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही कॉलेजों में होर्डिंग्स लगाया जाएगा।  उसपर दिये गए नंबर पर छात्राएं शिकायत कर सकती हैं। उस पर तुरंत कार्रवाई होगी। रांची के स्कूल-कॉलेज गेट के बाहर अक्सर मनचलों का जमावड़ा लगा रहता है। लड़के , छात्राओं पर कमेंट पास किया करते हैं। इनपर नकेल कसने की तैयारी रांची पुलिस ने कर ली है। स्कूल-कॉलेजों में लगे होर्डिंग्स में संबंधित इलाके के डीएसपी, थानेदार, शक्ति कमांडो, टाइगर मोबाइल और पीसीआर पुलिस का नंबर अंकित रहेगा। अगर कोई बदमाश परेशान करता है तो होर्डिंग्स में दिए गए नंबर पर तुरंत फोन कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।


शक्ति कमांडों में महिला पुलिसकर्मी 
बता दें कि शक्ति कमांडो में महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है।  तैनात महिला पुलिसकर्मियों को निर्धारित स्कूल और कॉलेज में सघन गश्ती लगाने का निर्देश दिया गया है। उनसे कहा गया है कि परेशानी होने पर पीसीआर पुलिस की भी मदद लें। एसएसपी ने सभी शक्ति कमांडो का क्षेत्र भी निर्धारित कर दिया है। एसएसपी ने तैनात पुलिसकर्मियों से कहा है कि वे स्कूल कॉलेज के वक्त गश्ती में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतें। अन्यथा उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।