द फॉलोअप डेस्कः
असम के सीएम और झारखंड चुनाव सह प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा आज पाकुड़ के गायबथान पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने यहां की आदिवासी महिलाओं से मुलाकात की। साथ ही पीड़ित परिवार से मिलकर उसका हाल जाना और पीड़ित परिवार को 1-1 लाख रुपये देने का ऐलान भी किया। दरअसल, 18 जुलाई को गायबथान गांव में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई थी। इस घटना में दो लोगों को आंशिक तथा चार लोगों को गंभीर चोटें आई थीं। सूचना मिलते ही महेशपुर थाने की पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराया था। वहीं गांव के ग्राम प्रधान गणेश मुर्मू ने बताया था कि महेशपुर के गायबथान में गांव के दंदु हेम्ब्रम की जमीन पर सफारुद्दीन अंसारी और कलीमुद्दीन अंसारी सहित अन्य लोग मालिकाना हक का दावा कर रहे थे। जब जमीन मालिक दंदु और परमेश्वर हेम्ब्रम ने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष के दर्जनों लोग जुट गए और उन हमला कर दिया। इस दौरान चार लोगों को गंभीर चोटें आईं थी। इसके बाद हिमंता ने पाकुड़ के केकेएम कॉलेज जाकर वहा आदिवासी छात्रावास के छात्रों से मुलाकात की जिनकी पिटाई की गई थी। उन्होने पाकुड़ में आदिवासी छात्रों की हुई पिटाई के मामले पर भी सरकार को घेरा और वहां के एसपी पर कार्रवाई करने की मांग की। बता दें कि 26 जुलाई की रात को केकेएम कॉलेज में पुलिस और छात्रो ंके बीच हिंसक झड़प हो गई थी।

बता दें कि पहले खबर आई थी कि हिमंता पाकुड़ के गोपीनाथपुर जाने वाले हैं। आज वह जैसे ही देवघर से पाकुड़ के गोपीनाथपुर जाने के लिए निकले उनको बीच रास्ते में ही प्रशासन ने रोक दिया और कहा कि आप वहां नहीं जा सकते। जिसके बाद हिमंता वहीं नहीं गये और उन्होंने कहा कि वह एक संवैधानिक पद पर हैं इसलिए सरकार की बात मानेंगे और गोपीनाथपुर नहीं जाएंगे। लेकिन उन्होंने इस दौरान हेमंत सरकार पर जमकर निशाना भी साधा।हिमंता ने मीडिया से बात करते हुए कहा सरकार नहीं चाहती है कि सारी सच्चाई मेरे सामने आ जाए इसलिए मुझे जाने से रोका जा रहा है। सरकार नहीं चाहती कि मैं लोगों की पीड़ा समझूं। सरकार हालात को छिपाना चाहती है।

हिमंता विश्वा सरमा बोले- पाकुड़ की हालत खराब
असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व सरमा ने पाकुड़ जाने के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पाकुड़ की हालत खराब है। बांग्लादेशी घुसपैठिये वहां पर आदिवासियों की जमीन हड़प रहे हैं। हमें उनके साथ खड़े होना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पाकुड़ के गोपीनाथपुर में झारखंड सरकार ने उन्हें जाने से मना किया है। जब एक मुख्यमंत्री वहां नहीं जा सकते तो आमलोगों की क्या हाल होगा समझा जा सकता है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व पाकुड़ के गोपीनाथपुर में पश्चिम बंगाल के लोगों ने पाकुड़ जिला में प्रवेश कर स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की थी।