logo

जामताड़ा में कंटेनर ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, दर्दनाक मौत; ग्रामीणों ने किया हाइवे जाम

A304.jpg

​जामताड़ा:
नारायणपुर थानाक्षेत्र स्थित गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर खरखोकुंडी गांव के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 60 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान खरखोकुंडी गांव के निवासी हेमन रजक के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेमन रजक अपनी गाय को मैदान में खूंटे से बांधकर पैदल घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे से गुजर रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि हेमन रजक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

गोविंदपुर-साहिबगंज हाइवे को किया जाम
​हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। घटना से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने मुआवजे और सुरक्षा उपायों की मांग को लेकर गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। उग्र ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर अपना विरोध जताया, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

​मामले की सूचना मिलते ही बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता और नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने और सड़क से जाम हटवाने का प्रयास शुरू किया।

दुर्घटना के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण
​इसी बीच, घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण कंटेनर चालक को पकड़कर अपने साथ गांव की ओर ले गए। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी ग्रामीणों से लगातार वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले को शांत कराने में जुटे हुए हैं। फिलहाल दुर्घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Tags - Jharkhand JamtaraRoad AccidentCrime News