द फॉलोअप डेस्कः
दुमका में रविवार की रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाबूपुर के पास की है। रविवार की देर रात्री अज्ञात वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक दीपक भंडारी को इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक लकड़ा पहाड़ी गांव का रहने वाला था। दुमका के दुधानी में एक रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने के बाद वह कल देर रात वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया।
दूसरी घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के धावाटॉड के पास की है, जहां बाइक और ऑटो की टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। जिसे इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान दो घायलों की मौत हो गई। मृतक का नाम सचिन मोसाद और ढोलू संतरा है, जबकि एक घायल अरविंद संतरा का इलाज PJMCH में चल रहा है। तीनों रामगढ़ थाना के कन्हरा गांव का रहने वाला है। बाइक से रविवार को सूर्याहू पर्व का प्रसाद ग्रहण करने हंसडीहा जा रहा था इसी बीच हादसे का शिकार हो गया।