द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा: गोविंदपुर–साहिबगंज नेशनल हाईवे एक बार फिर तेज रफ्तार के कहर का गवाह बना। शनिवार को नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया के समीप एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रहे अपाची बाइक सवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर संख्या MH 40 BL 0026 गोविंदपुर–साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान पबिया के पास सामने से आ रही अपाची बाइक JH 15 3247 को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगा।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर जुट गए। लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा पहुंचाया।घायल युवक की पहचान सहदेव सोरेन के रूप में हुई है, जो मिहिजाम थाना क्षेत्र के शहरडाल पंचायत अंतर्गत तालबेड़िया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक सहदेव सोरेन अपने रिश्तेदार के घर बांसपहाड़ी गांव जा रहे थे, तभी पबिया के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोविंदपुर–साहिबगंज नेशनल हाईवे पर वाहनों की बेलगाम रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर सख्त गति नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।फिलहाल सहदेव सोरेन की हालत नाजुक बताई जा रही है और वे इलाजरत हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ट्रेलर सहित क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर थाना ले गई है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
