रांची
विश्व आदिवासी दिवस पर बोलते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने आज कहा कि झारखंड के छात्रों को राजनीतिक छत्र-छाया की जरूरत नहीं है। सरकार हमेशा की तरह उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हम पहले भी छात्रों के साथ थे, आज भी हैं। भविष्य में भी उनके हितों के साथ प्रतिबद्ध रहेंगे। छात्रों से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपील करते हुए कहा कि आपको राजनीतिक क्षत्र-छाया की जरूरत नहीं है। न मेरी पार्टी और न ही किसी दूसरी पार्टी से संरक्षण की जरूरत है। आपकी मांगें आपका अधिकार हैं। सरकार आपके साथ है। हर वैधानिक मांग पर पारदर्शिता के साथ काम होगा। न्याय सिर्फ होगा नहीं, वह दिखेगा भी।
बड़े-बड़े लोगों का हाथ है
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि जो भी दोषी हैं, उन्हें कठोर से कठोर दंड मिलेगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि युवाओं को दिग्भ्रमित किया जा रहा है और इसमें बड़े-बड़े लोग लगे हुए हैं। उन्होंने युवाओं से निर्भीक होकर सरकार के पास आने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनकी जरूरत और अपेक्षाओं के अनुरूप चीजें तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि नौजवानों को डराया और धमकाया जा रहा है। सीएम ने कहा कि वह भी कोई बूढ़े नहीं हैं, युवाओं की चिंता उनकी चिंता है और उनके साथ पारदर्शिता के साथ न्याय होगा।
विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं
मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा, सभी देशवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं जोहार! मांदर की थाप और अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति से जीवंत झारखण्ड की पावन धरती पर विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर झारखण्ड आदिवासी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कहा कि 9 एवं 10 अगस्त को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में झारखण्ड की समृद्ध जनजातीय विरासत, संस्कृति, परंपराओं और विविधता के अद्भुत रंग देखने को मिलेंगे। आप सभी आएं और अपनी संस्कृति, अपनी परंपरा और अपनी विरासत के इस उत्सव का हिस्सा बनें।
