द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया। इस दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने भी अपना फॉर्म भरकर निर्वाचन अधिकारियों को सौंपा। 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई।

मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी
एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अपने मतदाता संबंधी विवरण का सत्यापन समय पर कराने का भी आग्रह किया।

लोगों से SIR अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत नागरिकों की सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे स्वयं एसआईआर प्रपत्र भरें और अपने परिवार, पड़ोस तथा समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।