द फॉलोअप, रांची
पूर्व मंत्री बैजनाथ राम को झामुमो प्रत्याशी बनाए जाने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पार्टी के विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और वरीय नेताओं के साथ सीएम हाउस में उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में बैजनाथ राम के नामांकन दाखिल करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया का पालन किया। नामांकन पत्र के विभिन्न सेटों पर विधायकों से हस्ताक्षर कराए गए। मालूम हो कि नामांकन पत्र दाखिल करने के एक सेट में न्यूनतम नौ विधायकों का समर्थन अपरिहार्य है। जानकारी के अनुसार बैजनाथ राम कम से कम दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसलिए एक सेट पर दस विधायकों और दूसरे सेट पर अन्य दस विधायकों का हस्ताक्षर करा कर उन्हें प्रस्तावक बनाया गया। आठ जून को नामांकन पत्र दाखिल करते समय उनके साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इधर बैठक में अनौपचारिक रूप से झामुमो से दूसरे प्रत्याशी दिए जाने पर भी चर्चा की गयी। हालांकि सूत्रों का कहना है कि झामुमो का दूसरा उम्मीदवार भाजपा द्वारा आधिकारिक रूप से अपना उम्मीदवार घोषित किए जाने और कांग्रेस की अगली रणनीति व व्यवहार पर निर्भर करेगा। बैठक में प्रत्याशी बैजनाथ राम के अलावा स्टीफन मरांडी, मथुरा महतो, योगेंद्र प्रसाद, दीपक बिरुआ, आलोक सोरेन, सुदिव्य कुमार सोनू, हफीजुल हसन, बसंत सोरेन, सुदीव गुड़िया, धनंजय सोरेन समेत लगभग सभी विधायक शामिल हुए। समाचार लिखे जाने तक सीएम हाउस में बैठक जारी थी।
नोट-प्रतिकात्मक रूप से फोटो कल हुई बैठक की है।
