logo

दुर्गा सोरेन की जयंती पर भावुक हुए हेमंत सोरेन, उनके संघर्ष और विचारों को किया याद

दुर्गा सोरेन की जयंती पर भावुक हुए हेमंत सोरेन, उनके संघर्ष और विचारों को किया याद

द फॉलोअप डेस्क

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने दिवंगत बड़े भाई और JMM के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दुर्गा सोरेन को नमन किया और उनके संघर्ष को याद किया। हेमंत सोरेन ने अपने पोस्ट में दुर्गा सोरेन को अपना बड़ा भाई, अभिभावक और मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि वो झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धाओं में शामिल थे। उन्होंने उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा का मजबूत स्तंभ भी बताया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि दुर्गा सोरेन ने अपना पूरा जीवन झारखंड, झारखंडी पहचान और यहां के लोगों के अधिकारों के संघर्ष के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन का संघर्ष, उनके विचार और लड़ने का जज्बा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। 

 

JMM का महत्वपूर्ण हिस्सा थे दुर्गा सोरेन

दुर्गा सोरेन का जन्म 10 सितंबर 1970 को हुआ था। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े रहे और सक्रिय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे वर्ष 1995 से 2000 तक बिहार विधानसभा के सदस्य रहे। इसके बाद झारखंड राज्य के गठन के बाद वर्ष 2000 से 2005 तक झारखंड विधानसभा में जामा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। झारखंड आंदोलन का इतिहास अलग राज्य की मांग को लेकर लंबे सामाजिक और राजनीतिक संघर्ष से जुड़ा रहा है। इस आंदोलन में झारखंड मुक्ति मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका रही और लंबे आंदोलन के बाद 15 नवंबर 2000 को झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। दुर्गा सोरेन का निधन 21 मई 2009 को हुआ था। उनके निधन के बाद भी JMM और झारखंड की राजनीति में उनकी भूमिका और उनके संघर्ष को याद किया जाता रहा है। अपने पोस्ट के अंत में हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- “दुर्गा सोरेन अमर रहें” और “जय झारखंड।”

 

Tags - Hemant Soren Durga Soren Durga Soren Birth Anniversary Durga Soren Jayanti