द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज दिल्ली से ही हूल विद्रोह के अमर शहीदों सिदो-कान्हू, चांद भैरव, फूलो-झानो और अन्य को विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा-हूल विद्रोह के महानायक अमर शहीद सिदो-कान्हूं, चांद-भैरव, फूलो-झानो औरअन्य वीर शहीदों और वीरांगनाओं के संघर्ष और शहादत को शत शत नमन। आजादी की लड़ाई से पहले संथाल में हूल विद्रोह के हमारे वीरों ने अंग्रेजी हुकूमत और महाजनों के शोषण और अत्याचार के खिलाफ तथा जल-जंगल जमीन की रक्षा के लिए आदिवासी अस्मिता की मशाल जलाई थी। हमारे वीर पुरुखों की यही सीख हमें हमेशा न्याय और स्वाभिमान के लिए प्रेरित करती रहेगी।

मालूम हो कि हेमंत सोरेन पिछले एक सप्ताह से दिल्ली में हैं। वहां वह पिता शिबू सोरेन की देखभाल में लगे हैं। उल्लेखनीय है कि शिबू सोरेन दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। रुटीन चेकअप के लिए लगभग 10 दिन पूर्व दिल्ली गए शिबू सोरेन की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके बाद उनकी स्थिति नाजुक हो गयी थी। कई तरह के प्रॉब्लम शुरू हो गए थे। गुरुजी की हालत स्थिर हो गयी थी। हालांकि अब बताया जा रहा है कि गुरुजी के स्वास्थ्य में मामूली सुधार हुआ है। इससे उम्मीद बंधी है कि वह जल्द स्वस्थ होकर रांची आएंगे।
